नई दिल्ली। पाकिस्तान में आम जनता को एक बार फिर महंगाई का बड़ा झटका लगा है। शहबाज शरीफ सरकार ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भारी बढ़ोतरी कर दी है। नई दरें गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात से लागू हो गई हैं।
सरकार के फैसले के बाद डीजल की कीमत में 54.9% और पेट्रोल में 42.7% की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। अब डीजल 520.35 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर और पेट्रोल 458.40 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। यानी डीजल में 184.49 रुपये और पेट्रोल में 137.23 रुपये प्रति लीटर का इजाफा हुआ है।
बताया जा रहा है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल के चलते यह फैसला लिया गया। पेट्रोलियम मंत्री अली परवेज मलिक ने वित्त मंत्री मोहम्मद औरंगजेब के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि अमेरिका-ईरान संघर्ष के बाद वैश्विक तेल बाजार में अस्थिरता बढ़ गई है, जिससे कीमतों में बढ़ोतरी करना मजबूरी बन गई।
एक महीने में दूसरी बार बढ़े दाम
गौरतलब है कि यह एक महीने के भीतर दूसरी बार है जब पाकिस्तान में ईंधन के दाम बढ़ाए गए हैं। इससे पहले मार्च की शुरुआत में, अमेरिका द्वारा ईरान पर हमले के बाद होर्मुज जलडमरूमध्य से तेल आपूर्ति प्रभावित हुई थी। उस समय भी पेट्रोल और डीजल की कीमतों में करीब 50 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी।
सरकार की सफाई, राहत की गुंजाइश कम
पेट्रोलियम मंत्री ने कहा कि डीजल का इस्तेमाल खासतौर पर कृषि और पब्लिक ट्रांसपोर्ट में होता है, इसलिए सरकार ने इसकी कीमतों को नियंत्रित रखने की कोशिश की। हालांकि, वैश्विक स्तर पर बढ़ती कीमतों के कारण उपभोक्ताओं को ज्यादा राहत देना संभव नहीं हो पाया।