रूस के राष्ट्रपति Vladimir Putin 12 से 13 सितंबर तक नई दिल्ली में आयोजित होने वाले BRICS Summit 2026 में हिस्सा लेने के लिए भारत दौरे पर आएंगे। क्रेमलिन ने पुष्टि की है कि पुतिन दो दिवसीय यात्रा पर भारत पहुंचेंगे। पिछले एक वर्ष में यह उनका दूसरा भारत दौरा होगा। इससे पहले वह दिसंबर 2025 में आयोजित 23वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन में शामिल होने आए थे। इस महीने की शुरुआत में रूस के विदेश मंत्री Sergey Lavrov भी ब्रिक्स देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक में भाग लेने भारत आए थे।
बदलते वैश्विक परिदृश्य के बीच भारत के लिए रूस के साथ संबंध विदेश नीति के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं। रक्षा सहयोग, ऊर्जा साझेदारी और रणनीतिक संबंधों के चलते दोनों देशों के बीच दशकों पुरानी करीबी बनी हुई है। वहीं, भारत और अमेरिका के बढ़ते संबंधों के बावजूद, भारत रूस को अपने दीर्घकालीन रणनीतिक हितों का अहम साझेदार मानता है।