कासगंज। उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले के अमांपुर क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक ही परिवार के पांच सदस्यों के शव घर के अंदर मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस प्रारंभिक जांच में इसे हत्या के बाद आत्महत्या का मामला मान रही है।
घटना अमांपुर कोतवाली क्षेत्र में एटा रोड स्थित एक पेट्रोल पंप के पास की है। मृतकों की पहचान सत्यवीर उर्फ श्यामवीर (50), उनकी पत्नी रामश्री (48), बेटियां प्राची (12), अमरवती (10) और पुत्र गिरीश (9) के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, सुबह करीब 6:30 बजे सूचना मिली कि परिवार पिछले दो-तीन दिनों से घर से बाहर नहीं निकला है। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि कमरा अंदर से बंद था। दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश करने पर सत्यवीर का शव फंदे से लटका मिला, जबकि पत्नी और तीनों बच्चों के शव बिस्तर पर रजाई के नीचे पड़े थे।
कासगंज की पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया प्रतीत होता है कि सत्यवीर ने पहले पत्नी और बच्चों की हत्या की और इसके बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घर के दरवाजे पर अंदर से ताला लगा था और जबरन प्रवेश के कोई निशान नहीं मिले हैं।
अंकिता शर्मा ने बताया कि, “पोस्टमार्टम के बाद विशेषज्ञ की राय ली जाएगी. लोगों से बात करने पर पता चला है कि आर्थिक तंगी इस घटना का कारण हो सकती है. उनके परिवार के सदस्यों से संपर्क कर लिया गया है. आगे की कार्रवाई जारी है.”