नई दिल्ली। मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच सोशल मीडिया पर फैली एक अफवाह ने अचानक हलचल मचा दी। दावा किया जाने लगा कि इजरायल के प्रधानमंत्री Benjamin Netanyahu की हाल ही में जारी वीडियो असली नहीं बल्कि AI से बनाई गई है। कुछ यूजर्स ने वीडियो की एक फ्रेम दिखाते हुए कहा कि उनके हाथ में “छह उंगलियां” दिखाई दे रही हैं और यही उनकी मौत छिपाने की साजिश का संकेत है।
हालांकि बाद में फैक्ट-चेक में यह दावा पूरी तरह गलत साबित हुआ। कई अंतरराष्ट्रीय फैक्ट-चेक संगठनों ने वीडियो की फ्रेम-दर-फ्रेम जांच की और पाया कि नेतन्याहू के हाथ में सामान्य रूप से पांच ही उंगलियां हैं। जिस हिस्से को लोग छठी उंगली समझ रहे थे, वह दरअसल हथेली के निचले हिस्से का हल्का उभार था, जो कैमरे के एंगल और रोशनी की वजह से अलग दिखाई दे रहा था।
इजरायल के गवर्नमेंट प्रेस ऑफिस द्वारा जारी मूल वीडियो की भी जांच की गई। विशेषज्ञों का कहना है कि वीडियो में AI-जनरेशन के कोई संकेत नहीं मिले और इसके AI से बने होने की संभावना बेहद कम है।
कैमरे पर दिखे नेतन्याहू
अफवाहों के तेज़ी से फैलने के बाद खुद Benjamin Netanyahu कैमरे के सामने आए। उन्होंने वीडियो में कॉफी पीते हुए अपने हाथों को करीब से दिखाया। इस दौरान उनकी बॉडी लैंग्वेज सामान्य और शांत नजर आई, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि उनके घायल होने या मौत की खबरें बेबुनियाद हैं। इजरायल समर्थक समूहों का कहना है कि अफवाहें इतनी तेजी से फैल रही थीं कि उन्हें रोकने के लिए यह कदम जरूरी हो गया था। उनके मुताबिक इस वीडियो ने “क्लियरिंग द एयर” का काम किया।
अब नजरें ईरान पर
नेतन्याहू के सामने आने के बाद अब ध्यान ईरान की तरफ मुड़ गया है। खासतौर पर ईरान के नए सुप्रीम लीडर Mojtaba Khamenei को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। कुछ रिपोर्टों में दावा किया जा रहा है कि Mojtaba Khamenei कथित तौर पर किसी हमले में घायल हुए हैं और उनकी हालत गंभीर है। सोशल मीडिया पर तो यहां तक कहा जा रहा है कि वे कोमा में हैं। हालांकि इन दावों की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
सार्वजनिक तौर पर नहीं आए सामने
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक संघर्ष शुरू होने के बाद से Mojtaba Khamenei की कोई सार्वजनिक उपस्थिति दर्ज नहीं हुई है। न तो उनका कोई वीडियो संदेश सामने आया है और न ही अस्पताल या किसी सरकारी परिसर से उनकी तस्वीर जारी की गई है। इसी वजह से उनकी सेहत और सुरक्षा को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं।