इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के ओपनिंग मुकाबले की मेजबानी को लेकर लंबी अनिश्चितता के बाद अब फैसला साफ हो गया है। कर्नाटक सरकार ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (KSCA) को स्टेडियम में मैच आयोजित करने की अंतिम मंजूरी दे दी है। इस बार IPL 2026 का पहला मैच 28 मार्च को बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में RCB और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच खेला जाएगा। कर्नाटक सरकार ने प्रेस रिलीज में बताया कि गृह मंत्री डॉ. जी. परमेश्वर की अध्यक्षता में विशेषज्ञ समिति ने स्टेडियम में तैयारियों और सुरक्षा उपायों की समीक्षा की। स्पेशल कमिटी की सिफारिशों और व्यवस्थाओं का पूरा अध्ययन करने के बाद मैच के आयोजन की मंजूरी दी गई।
दरअसल, IPL 2025 में RCB की जीत के बाद विक्ट्री परेड के दौरान हुई भगदड़ के बाद स्टेडियम की सुरक्षा और इंफ्रास्ट्रक्चर को लेकर सवाल उठे थे। जस्टिस डी’कुन्हा कमेटी ने सुरक्षा से जुड़े सुझाव दिए थे और KSCA को 15 मार्च तक सभी सुधार पूरे करने का समय दिया गया था। KSCA ने सभी आवश्यक सुधार पूरे कर लिए हैं, इसलिए अब उन्हें मैच आयोजित करने की अनुमति मिल गई है।
चिन्नास्वामी स्टेडियम RCB का घर बना रहेगा। बोर्ड के नए शेड्यूल के अनुसार RCB 28 मार्च को SRH और 5 अप्रैल को चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ मैच खेलेगी। IPL 2026 में RCB कुल पांच मैच चिन्नास्वामी में खेलेगी, जबकि दो घरेलू मुकाबले रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में होंगे। RCB की कप्तानी इस सीजन भी रजत पाटीदार करेंगे। पाटीदार की कप्तानी में RCB ने IPL 2025 का खिताब 18 साल के लंबे इंतजार के बाद जीता था। अब फैंस की नजरें इस बात पर होंगी कि IPL 2026 में RCB का प्रदर्शन कैसा रहेगा।