वाशिंगटन। मोदी सरनेम मामले में विवादित बयान को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी को मिली दो साल की सजा के बाद उनकी लोकसभा सदस्यता रद्द किए जाने का मुद्दा सरहद पार चला गया है। जहां एक ओर भारत में पूरा विपक्ष लामबंद है, वहीं अब संयुक्त राष्ट्र से लेकर अमेरिकी सांसद तक के बयान सामने आए हैं।
भारतीय मूल के प्रभावशाली अमेरिकी सांसद रो खन्ना ने कल शुक्रवार को राहुल गांधी को लोकसभा सदस्यता से अयोग्य घोषित किए जाने के फैसले को गांधीवादी विचारधारा के साथ ‘गहरा विश्वासघात’ करार दे दिया।
क्या बोले अमेरिकी सांसद?
रो खन्ना ने ट्वीट किया, “राहुल गांधी को संसद की सदस्यता से अयोग्य ठहराया जाना गांधीवादी दर्शन और भारत के गहरे मूल्यों के साथ गहरा विश्वासघात है।” उन्होंने कहा, यह वह नहीं है, जिसके लिए मेरे दादाजी ने अपनी जिंदगी के कई साल जेल में कुर्बान कर दिए थे।
रो खन्ना अमेरिका की प्रतिनिधि सभा में सिलिकॉन वैली का प्रतिनिधित्व करते हैं। वह भारत और भारतीय-अमेरिकियों पर अमेरिकी संसद के कॉकस के सह-अध्यक्ष हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस मामले में हस्तक्षेप करने का अनुरोध करते हुए रो खन्ना ने एक अन्य ट्वीट में कहा, “भारतीय लोकतंत्र के हित के लिए आपके पास इस फैसले को पलटने की शक्ति है।
The expulsion of Rahul Gandhi from parliament is a deep betrayal of Gandhian philosophy and India’s deepest values. This is not what my grandfather sacrificed years in jail for. @narendramodi you have the power to reverse this decision for the the sake of Indian democracy. https://t.co/h85qlYMn1J
— Ro Khanna (@RoKhanna) March 24, 2023
वहीं, अमेरिका में इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के उपाध्यक्ष जॉर्ज अब्राहम ने राहुल की अयोग्यता को भारत में लोकतंत्र के लिए एक दुखद दिन करार दिया। उन्होंने कहा, यह भारत में लोकतंत्र के लिए एक दुखद दिन है। राहुल गांधी को अयोग्य ठहराकर, मोदी सरकार हर जगह अभिव्यक्ति की आजादी और भारतीयों की आजादी के अधिकार के लिए मौत की घंटी बजा रही है।”