नई दिल्ली। अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव के बीच यूरेनियम भंडार को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस दावे को ईरान ने सिरे से खारिज कर दिया है, जिसमें कहा गया था कि तेहरान अपने समृद्ध यूरेनियम भंडार को सौंपने के लिए तैयार हो गया है। ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बगाई ने स्पष्ट किया कि अमेरिका के साथ ऐसी कोई बातचीत नहीं हुई है, जिसमें परमाणु सामग्री सौंपने पर सहमति बनी हो। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर फिलहाल कोई डील नहीं हुई है और न ही किसी तरह की सहमति बनी है।
ईरान ने बताया ‘झूठा दावा’
ईरान के एक अन्य सूत्र ने भी ट्रंप के बयान को ‘झूठ’ करार दिया। उनका कहना है कि दोनों देशों के बीच जारी बातचीत में अभी तक कोई ठोस प्रगति नहीं हुई है।दरअसल, राष्ट्रपति ट्रंप ने हाल ही में दावा किया था कि करीब छह हफ्तों के तनाव के बाद अमेरिका और ईरान एक समझौते के करीब पहुंच गए हैं। व्हाइट हाउस में दिए बयान में उन्होंने कहा था कि ईरान अपने यूरेनियम भंडार को वापस देने पर सहमत हो गया है। ट्रंप के मुताबिक, यह कदम परमाणु हथियारों के खतरे को कम करने के लिए जरूरी है।
समझौते को लेकर अमेरिका आशावादी
ट्रंप ने यह भी संकेत दिया कि समझौते को अंतिम रूप दिए जाने की संभावना काफी ज्यादा है। उन्होंने कहा कि अगर इस्लामाबाद में होने वाली वार्ता सफल रहती है, तो वह वहां का दौरा भी कर सकते हैं। इससे साफ है कि अमेरिका इस बातचीत को निर्णायक मोड़ पर मान रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने जोर देकर कहा कि किसी भी समझौते का मुख्य उद्देश्य यह होना चाहिए कि ईरान कभी भी परमाणु हथियार हासिल न कर सके। उन्होंने यूरेनियम संवर्धन पर अस्थायी रोक के बजाय स्थायी प्रतिबंध की वकालत की।
ईरान का सख्त रुख बरकरार
वहीं, ईरान का रुख इससे बिल्कुल अलग नजर आ रहा है। ईरानी अधिकारियों का कहना है कि बातचीत अभी अधूरी है और अंतिम समझौते से काफी दूर है। खासकर परमाणु सामग्री के हस्तांतरण जैसे मुद्दों पर कोई ठोस प्रगति नहीं हुई है। ईरान ने साफ कर दिया है कि आगे की वार्ता उसकी शर्तों पर ही आगे बढ़ेगी, हालांकि उन शर्तों का खुलासा अभी नहीं किया गया है।
दोनों देशों के बयानों में साफ अंतर दिख रहा है, जिससे यह संकेत मिलता है कि कूटनीतिक स्थिति अभी भी बेहद नाजुक बनी हुई है। जहां एक ओर अमेरिका समझौते को लेकर आशावादी नजर आ रहा है, वहीं ईरान सतर्क रुख अपनाए हुए है।