मध्य पूर्व में जारी तनाव के बीच ईरान के साथ संघर्ष को लेकर बड़ा अपडेट सामने आने वाला है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप गुरुवार सुबह (भारतीय समयानुसार) राष्ट्र को संबोधित करेंगे। व्हाइट हाउस के अनुसार, यह संबोधन ईरान पर चल रहे सैन्य अभियान से जुड़ा अहम अपडेट देगा, जिससे यह अटकलें तेज हो गई हैं कि क्या अब युद्ध अपने अंतिम चरण में पहुंच रहा है।
व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलीन लैविट ने जानकारी दी कि ट्रंप बुधवार रात 9 बजे (ईस्टर्न टाइम) राष्ट्र को संबोधित करेंगे। ईरान के साथ 28 फरवरी से जारी संघर्ष के बाद यह पहला मौका होगा जब ट्रंप सीधे अमेरिकी जनता को संबोधित करेंगे। इस बीच, अमेरिका और इजरायल की ओर से ईरान पर हमले लगातार जारी हैं। हाल ही में अमेरिका ने ईरान के एक बड़े शहर को निशाना बनाया, जहां प्रमुख परमाणु सुविधा मौजूद बताई जा रही है। हालांकि, युद्ध रोकने या समझौते को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक संकेत नहीं मिला है।
ट्रंप ने हालिया बयान में कहा कि अमेरिका जल्द ही इस स्थिति से बाहर निकल सकता है, लेकिन उससे पहले ईरान की सैन्य क्षमता को पूरी तरह कमजोर करना उनका उद्देश्य है। उन्होंने यह भी दावा किया कि ईरान को हुए नुकसान की भरपाई करने में कई साल लग सकते हैं।बातचीत की संभावना पर ट्रंप ने कहा कि यदि ईरान वार्ता के लिए आगे आता है तो यह बेहतर होगा, लेकिन इसके बिना भी अमेरिका अपने लक्ष्य पूरे करेगा। उन्होंने यहां तक कहा कि ईरान में सत्ता परिवर्तन हो चुका है और नए नेतृत्व के साथ स्थिति बदल रही है।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या ट्रंप अपने संबोधन में युद्ध समाप्ति की घोषणा करेंगे या फिर सैन्य कार्रवाई को और तेज करने का संकेत देंगे। फिलहाल पूरी दुनिया की नजरें गुरुवार सुबह होने वाले इस संबोधन पर टिकी हुई हैं, जहां से ईरान संघर्ष की दिशा तय हो सकती है।