राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के उत्तर-पूर्वी जिले में रविवार तड़के एक 19 वर्षीय युवक का खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। न्यू उस्मानपुर थाना क्षेत्र के शास्त्री पार्क स्थित DDA पार्क से युवक का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान न्यू सीलमपुर के के-ब्लॉक निवासी मोहम्मद तोहिद (19) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, मोहम्मद तोहिद शनिवार रात करीब 10 बजे घर से निकला था, लेकिन रविवार सुबह उसका शव पार्क में पड़ा मिला। सूचना मिलते ही न्यू उस्मानपुर थाना पुलिस, उत्तर-पूर्वी जिले के वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे आपसी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। आरोपियों की पहचान और वारदात की कड़ियां जोड़ने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शास्त्री पार्क स्थित इस DDA पार्क में पहले भी हत्या और शव मिलने जैसी कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।