जम्मू। जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में सोमवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। रामनगर से उधमपुर जा रही एक यात्री बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में अब तक 22 लोगों की मौत की खबर है, जबकि कई अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बस पहाड़ी रास्ते से गुजर रही थी, तभी चालक ने नियंत्रण खो दिया। इसके बाद बस पलटते हुए नीचे जा गिरी। हादसा कनोटे गांव के पास हुआ, जहां राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी है।
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और राहत एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है, जबकि गंभीर रूप से घायलों को एयरलिफ्ट करने की तैयारी भी की गई है।
केंद्रीय मंत्री का बयान
केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने हादसे पर दुख जताते हुए बताया कि उन्होंने जिला प्रशासन से बात की है और हालात पर नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभागों—जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ और स्वास्थ्य सेवाओं—को तुरंत राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने जताया शोक
वहीं, उमर अब्दुल्ला ने भी इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है।फिलहाल, राहत और बचाव अभियान जारी है और प्रशासन हादसे के कारणों की जांच में जुटा हुआ है।