जोधपुर (राजस्थान)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज शनिवार को राजस्थान के जोधपुर में भाजपा के बूथ अध्यक्ष संकल्प महासम्मेलन को संबोधित करते कहा कि अभी राहुल बाबा विदेशी टी-शर्ट पहनकर भारत जोड़ने निकले हैं। मैं उनको और कांग्रेसियों को उनके संसद के भाषण का एक वाक्य याद कराता हूं कि भारत राष्ट्र है ही नहीं। अरे राहुल बाबा किस किताब में पढ़े हो।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर निशाना साधते हुए कहा कि गहलोत साहब मैं आपको आपके वादे याद दिलाने आया हूं। 2018 में राहुल बाबा के साथ अंट-शंट वादे किए थे। पांच साल होने को आए, भाजपा आपका हिसाब मांगती है।
अमित शाह ने कहा विकास की दौड़ में राजस्थान पिछड़ रहा है। गहलोत सरकार को उखाड़ फेंकना है। 2023 में भगवा झंडा फहराने का काम कार्यकर्ता करेंगे। यहां भाजपा सरकार बनने जा रही है। उन्होंने कहा कार्यकर्ता ही चुनाव जिताता है। गहलोत के राज में बेरोजगारी दर बढ़ी है। देश मे सबसे महंगा तेल राजस्थान में और सबसे महंगी बिजली राजस्थान में है। अमित शाह ने उदयपुर में कन्हैया की हत्या का भी जिक्र किया। उन्होंने सुनियोजित दंगों के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार बताया।
गहलोत सरकार को उखाड़ फेंकना हैः वसुंधरा राजे
इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कहा कि बिना पैसे के इस राज में कोई काम नही होता। किसानों के साथ धोखा किया गहलोत सरकार ने। सरकार किसानों को मुआवजा दे। जिन लोगों ने योजनाओं का नाम बदल दिया, अब इन लोगो को बदलने का समय। दुश्मन को कमजोर नहीं समझना चाहिए। जनता के बीच जाकर जनता से मिलना होगा। रावण रूपी गहलोत सरकार को उखाड़ फेंकना है।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पुनिया ने कहा अपराधों की राजधानी बन गया है राजस्थान। रीट परीक्षा की चीट पर बेरोजगार माफ नहीं करेगा। 2023 के चुनावों में बीजेपी को प्रचंड बहुमत मिलेगा।