भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने बुधवार (19 अगस्त) को जम्मू-कश्मीर को लेकर बड़ा बयान दिया। श्रीनगर में मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से मुलाकात के बाद गोर ने कहा कि जम्मू-कश्मीर भारत का अहम हिस्सा है। उन्होंने केंद्र शासित प्रदेश की खूबसूरती की तारीफ करते हुए कहा कि यहां आकर उन्हें बेहद अच्छा लगा। मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं ने जम्मू-कश्मीर और अमेरिका के बीच सहयोग को मजबूत करने के साथ-साथ पर्यटन, बागवानी और नई अर्थव्यवस्था जैसे क्षेत्रों में संभावनाओं पर चर्चा की।
ट्रैवल एडवाइजरी की समीक्षा के संकेत
सर्जियो गोर ने जम्मू-कश्मीर के लिए अमेरिका की मौजूदा ट्रैवल वॉर्निंग की समीक्षा के भी संकेत दिए। उन्होंने कहा कि अमेरिका समय-समय पर अपनी ट्रैवल एडवाइजरी की समीक्षा करता है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल किसी बड़े बदलाव की घोषणा नहीं की जा रही है। गोर ने कहा कि नई दिल्ली और जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बेहतर करने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। ऐसे में अमेरिका इस बात पर विचार करेगा कि क्या मौजूदा ट्रैवल वॉर्निंग को कम किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर बेहद खूबसूरत क्षेत्र है और उन्हें उम्मीद है कि बड़ी संख्या में अमेरिकी पर्यटक यहां की प्राकृतिक सुंदरता और उपलब्ध अवसरों का आनंद लेने के लिए आ सकेंगे।
उमर अब्दुल्ला से मुलाकात को बताया ‘गर्मजोशी भरी’
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से मुलाकात के बाद सर्जियो गोर ने सोशल मीडिया पर तस्वीर साझा की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री से मिलकर उनकी प्राथमिकताओं को समझने का अवसर मिला। गोर के मुताबिक, दोनों पक्षों ने आर्थिक सहयोग को और मजबूत करने तथा ऐसे अवसर तलाशने पर चर्चा की, जिससे भारत और अमेरिका दोनों को फायदा हो। उन्होंने मुलाकात को गर्मजोशी भरी और दोस्ताना बताया और कहा कि दोनों देश इस रिश्ते को आगे बढ़ाने के लिए उत्सुक हैं।
पर्यटन और बागवानी पर उमर अब्दुल्ला का जोर
उमर अब्दुल्ला ने भी मुलाकात को लेकर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि सर्जियो गोर का श्रीनगर में स्वागत करके उन्हें खुशी हुई। दोनों के बीच जम्मू-कश्मीर और अमेरिका के बीच आपसी सहयोग को बढ़ाने और गहरा करने की संभावनाओं पर अच्छी बातचीत हुई। मुख्यमंत्री के अनुसार, बातचीत में खास तौर पर पर्यटन, बागवानी और नई अर्थव्यवस्था जैसे क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा हुई। उन्होंने भविष्य में इस सहयोग को आगे बढ़ाने की उम्मीद जताई। सर्जियो गोर का यह बयान ऐसे समय आया है जब जम्मू-कश्मीर में पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर दिया जा रहा है। अमेरिकी ट्रैवल एडवाइजरी में संभावित बदलाव से क्षेत्र में अमेरिकी पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने की उम्मीद भी जताई जा रही है।