‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लेकर जारी सियासी बयानबाजी के बीच बीजेपी आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने इस सैन्य अभियान को लेकर लगातार भ्रामक जानकारी फैलाकर देश और सेना का मनोबल गिराने की कोशिश की है। मालवीय ने विपक्ष से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए अमित मालवीय ने आरोप लगाया कि विपक्षी दलों ने संसद में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बयान को संदर्भ से हटाकर पेश किया और यह माहौल बनाने की कोशिश की कि सरकार सैनिकों के बलिदान को स्वीकार नहीं कर रही है।
कांग्रेस ने उठाए थे सवाल
दरअसल, कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लेकर संसद में रक्षा मंत्री के भाषण का एक वीडियो साझा करते हुए सरकार पर सवाल उठाए थे। कांग्रेस ने आरोप लगाया था कि ऑपरेशन के दौरान शहीद हुए जवानों की जानकारी को लेकर सरकार ने पूरी सच्चाई सामने नहीं रखी। इसके साथ ही नेशनल वॉर मेमोरियल पर छह जवानों के नाम दर्ज होने के बाद विपक्ष ने सरकार से जवाब मांगा था।
‘बयान को गलत तरीके से पेश किया गया’
अमित मालवीय ने कहा कि रक्षा मंत्री का बयान एक विशेष संदर्भ में था, जिसका उद्देश्य उन अफवाहों का खंडन करना था जिनमें दावा किया जा रहा था कि ऑपरेशन के दौरान भारतीय वायुसेना को बड़ा नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने जानबूझकर बयान के एक हिस्से को अलग करके राजनीतिक विवाद खड़ा किया।
‘ऑपरेशन पूरी तरह सफल रहा’
बीजेपी नेता ने दावा किया कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ भारतीय सेना का सफल सैन्य अभियान था। उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई में बड़ी संख्या में आतंकियों और पाकिस्तानी सैन्य ठिकानों को नुकसान पहुंचाया गया। मालवीय ने कहा कि भारतीय सशस्त्र बलों ने इस अभियान में अपनी रणनीतिक क्षमता और सटीक कार्रवाई का परिचय दिया।
शहीद जवानों के सम्मान का दावा
अमित मालवीय ने कहा कि सरकार ने शहीद जवानों के सम्मान में कोई कमी नहीं छोड़ी। उन्होंने बताया कि सभी वीर जवानों के नाम नेशनल वॉर मेमोरियल में दर्ज किए गए हैं और उनके परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।