नई दिल्ली। जमीन के बदले नौकरी घोटाला मामले में आज मंगलवार को सीबीआई की एक टीम ने राजद प्रमुख लालू यादव से पूछताछ की। लालू सिंगापुर में किडनी का इलाज कराने के बाद अपनी बड़ी बेटी मीसा भारती के दिल्ली स्थित आवास पर रह रहे हैं। सीबीआई की टीम यहीं उनसे पूछताछ करने पहुंची।
लालू यादव से सीबीआई की आठ सदस्यीय टीम ने दो घंटे से भी ज्यादा पूछताछ की। सीबीआई की पूरी टीम इस दौरान लगातार लालू की बेटी मीसा के घर पर मौजूद रही।
पूछताछ को लेकर भड़कीं बेटी रोहिणी आचार्य
दूसरी ओर, सिंगापुर में रह रहीं लालू की एक और बेटी रोहिणी आचार्य पूछताछ को लेकर भड़क गईं हैं। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि पापा को लगातार परेशान किया जा रहा है। अगर उन्हें कुछ हुआ तो मैं किसी को नहीं छोड़ूंगी।
पापा को तंग कर रहे हैं यह ठीक बात नहीं है। यह सब याद रखा जाएगा। समय बलवान होता है, उसमें बड़ी ताकत होती है। यह याद रखना होगा। दिल्ली की कुर्सी हिला देंगे। अब बर्दाश्त करने की सीमा जवाब दे रही है।
https://twitter.com/RohiniAcharya2/status/1632980863167373314
राबड़ी देवी से भी हुई पूछताछ
इसी मामले में बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री और लालू यादव का पत्नी राबड़ी देवी के आवास पर सोमवार सुबह CBI की टीम पहुंची। करीब पांच घंटे तक राबड़ी देवी से पूछताछ के बाद टीम राबड़ी आवास से बाहर निकली। CBI अधिकारियों ने मीडियो बातचीत करने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया और चले गए।
बता दें कि जमीन के बदले नौकरी केस में लालू यादव की बेटी मीसा भारती समेत 14 लोग आरोपी हैं। 15 मार्च को लालू प्रसाद, उनकी पत्नी राबड़ी देवी और बेटी मीसा भारती को कोर्ट में पेश होने के लिए कहा गया है।