महाराष्ट्र की राजनीति में उद्धव ठाकरे की शिवसेना में आई बड़ी टूट को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। उद्धव ठाकरे के छह सांसदों के अलग गुट बनाकर एकनाथ शिंदे खेमे के साथ जाने के फैसले के बाद कांग्रेस ने बीजेपी पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस प्रवक्ता और सांसद पवन खेड़ा ने बीजेपी के कथित ‘ऑपरेशन टाइगर’ और ‘कांग्रेस मुक्त भारत’ अभियान को लेकर सवाल उठाए हैं।
दरअसल, उद्धव ठाकरे गुट के छह सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात कर अलग गुट के रूप में अपनी पहचान दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू की है। माना जा रहा है कि ये सांसद जल्द ही एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के साथ जा सकते हैं। इसी घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए पवन खेड़ा ने बीजेपी पर विपक्षी दलों को तोड़ने का आरोप लगाया।
‘कमल नहीं खिला तो शुरू कर दिया ऑपरेशन कीचड़’
पवन खेड़ा ने कहा कि बीजेपी लोकतांत्रिक तरीके से जनसमर्थन हासिल करने में नाकाम रहने के बाद अब दूसरे दलों को तोड़ने की राजनीति कर रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “जहां कमल नहीं खिल पाया, वहां अब ऑपरेशन कीचड़ चलाया जा रहा है।”
उन्होंने सवाल उठाया कि अगर बीजेपी को 240 सीटें मिलने के बावजूद संतोष नहीं है, तो आखिर उसका असली मकसद क्या है। खेड़ा ने आरोप लगाया कि बीजेपी विपक्षी दलों के सांसदों और विधायकों को अपने पक्ष में कर संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने की कोशिश कर रही है।
उद्धव ठाकरे को दूसरा बड़ा झटका
एकनाथ शिंदे की अगुवाई में शिवसेना में यह दूसरी बड़ी टूट मानी जा रही है। इससे पहले भी शिंदे बगावत कर उद्धव ठाकरे सरकार गिरा चुके हैं। अब सांसदों के अलग होने से उद्धव गुट की राजनीतिक मुश्किलें और बढ़ती नजर आ रही हैं।
हाल ही में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी बयान दिया था कि महाराष्ट्र में “असली शिवसेना” एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली पार्टी ही है। इस बयान के बाद राजनीतिक बहस और तेज हो गई थी।
बंगाल का भी दिया उदाहरण
पवन खेड़ा ने पश्चिम बंगाल की राजनीति का जिक्र करते हुए कहा कि बीजेपी विपक्षी दलों को कमजोर करने की रणनीति पर काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि टीएमसी को भी इसी तरह नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई और वहां भी अलग गुट बनाने की राजनीति हुई।
कांग्रेस नेता ने कहा कि लोकतंत्र में जनता के जनादेश का सम्मान होना चाहिए, लेकिन विपक्षी दलों को तोड़ने की प्रवृत्ति लोकतांत्रिक परंपराओं के लिए खतरा बनती जा रही है।