स्वतंत्रता दिवस से पहले आतंकी खतरे को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने पूरी राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। 15 अगस्त को लेकर दिल्ली में हाई अलर्ट जारी किया गया है। स्पेशल सेल, क्राइम ब्रांच, रेलवे पुलिस और जिला पुलिस के साथ अन्य सुरक्षा एजेंसियां भी अलर्ट मोड पर हैं। इसी बीच दिल्ली पुलिस ने राजधानी के भीड़भाड़ वाले इलाकों में 19 मोस्ट वॉन्टेड आतंकियों के पोस्टर लगाए हैं। इन पोस्टरों में इंडियन मुजाहिदीन, अल-कायदा और खालिस्तान समर्थक आतंकी संगठनों से जुड़े वांटेड आतंकियों की तस्वीरें और नाम शामिल हैं।
पोस्टर में इन आतंकियों के नाम शामिल
पुलिस की ओर से लगाए गए पोस्टरों में इंडियन मुजाहिदीन के रियाज भटकल और शबांदरी मोहम्मद इकबाल उर्फ इकबाल भटकल के नाम शामिल हैं। इसके अलावा अल-कायदा से जुड़े मोहम्मद शर्जील अख्तर, अबू सुफियान, मोहम्मद उमर और सैयद मोहम्मद अर्शियान की तस्वीरें भी लगाई गई हैं। खालिस्तान समर्थक आतंकी संगठनों से जुड़े कई नाम भी इस सूची में शामिल हैं। इनमें खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स के रंजीत सिंह उर्फ नीता और परमजीत सिंह पम्मा, खालिस्तान टाइगर फोर्स के अर्शदीप सिंह उर्फ अर्श डाला तथा बब्बर खालसा इंटरनेशनल से जुड़े हरविंदर सिंह संधू उर्फ रिंडा, वधावा सिंह बब्बर और गुरमीत सिंह बग्गा के नाम शामिल हैं।
जानकारी देने वालों से पुलिस ने की अपील
पोस्टरों के जरिए दिल्ली पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि सूची में शामिल किसी भी व्यक्ति के बारे में जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें। इसके लिए दिल्ली पुलिस कंट्रोल रूम का नंबर 112 जारी किया गया है। पुलिस ने कहा है कि संदिग्ध या वांटेड व्यक्ति के बारे में सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस की ओर से सूचना के आधार पर इनाम दिए जाने की बात भी कही गई है।
रेलवे स्टेशन और बाजारों में बढ़ाई गई निगरानी
स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए दिल्ली के रेलवे स्टेशनों, बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रख रही हैं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, सार्वजनिक स्थानों पर आतंकियों के पोस्टर लगाने का उद्देश्य लोगों को सतर्क करना और संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान में आम नागरिकों की मदद लेना है। 15 अगस्त के मद्देनजर राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था को लगातार मॉनिटर किया जा रहा है।