महाराष्ट्र के सातारा जिले में पुणे-सातारा हाईवे पर मंगलवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसा शिरवल के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार टाटा नेक्सॉन कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार करते हुए सामने से आ रहे आयशर ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार चार लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
होटल शिवालय के सामने हुआ हादसा
पुलिस के मुताबिक, हादसा मंगलवार तड़के करीब 1:15 बजे शिरवल में होटल शिवालय के सामने हुआ। कार सातारा की ओर जा रही थी। मृतकों की पहचान वेदांत वारिंगे, सोनलिंग ठाकूर, आदित्य गरुड़ और निखिल राऊत के रूप में हुई है। सभी मावल और तलेगांव दाभाड़े इलाके के रहने वाले बताए जा रहे हैं। हादसे में दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
हादसे के बाद हाईवे पर लगा लंबा जाम
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद हाईवे पर काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा और लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
राजगढ़ हादसे में एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत
वहीं, मध्य प्रदेश के राजगढ़ में हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने एक पूरे परिवार को तबाह कर दिया। हादसे में जान गंवाने वाले नौ लोगों के शव देर रात सतवास पहुंचाए गए। सभी शवों को सतवास के शासकीय अस्पताल की मर्चुरी में रखा गया है।
गांव में पसरा मातम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
नौ शवों के सतवास पहुंचते ही धांसड़ गांव समेत आसपास के इलाके में मातम छा गया। एक ही परिवार के नौ सदस्यों की मौत की खबर से परिजन और ग्रामीण सदमे में हैं। अस्पताल में शवों को देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके का माहौल गमगीन बना हुआ है।
नर्मदा घाट पर होगा सामूहिक अंतिम संस्कार
जानकारी के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाले सभी नौ लोगों का मंगलवार सुबह करीब 9 बजे किट्टी स्थित नर्मदा घाट पर सामूहिक अंतिम संस्कार किया जाएगा। एक साथ परिवार के नौ सदस्यों की अंतिम विदाई से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।