कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी भले ही I.N.D.I. गठबंधन का हिस्सा है, मगर लोकसभा चुनाव में ‘एकला चलो रे’ के संकेत दे दिए हैं। सीट बंटवारे को लेकर दोनों दलों के बीच जारी तनातनी के बीच टीएमसी पश्चिम बंगाल की सभी 42 सीटों पर अकेले लोकसभा चुनाव लड़ेगी।
ममता बनर्जी ने क्या कहा?
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा, ‘कांग्रेस पार्टी के साथ मेरी कोई चर्चा नहीं हुई। मैंने हमेशा कहा है कि बंगाल में हम अकेले लड़ेंगे। मुझे इस बात की चिंता नहीं है कि देश में क्या किया जाएगा, लेकिन हम एक धर्मनिरपेक्ष पार्टी हैं और बंगाल में हैं। हम अकेले ही भाजपा को हरा देंगे। मैं I.N.D.I. गठबंधन का हिस्सा हूं। राहुल गांधी की न्याय यात्रा हमारे राज्य से गुजर रही है, लेकिन हमें इसके बारे में सूचित नहीं किया गया है।’
ममता ने पार्टी नेताओं को दिया यह निर्देश
पार्टी सूत्रों के अनुसार, TMC के गढ़ बीरभूम जिले के पार्टी नेतृत्व के साथ मंगलवार को कालीघाट स्थित आवास पर बंद कमरे में संगठनात्मक बैठक के दौरान टीएमसी सुप्रीमो ममता ने पार्टी नेताओं से अकेले चुनाव लड़ने के लिए तैयार रहने को कहा था।
ममता बनर्जी ने की थी कांग्रेस की आलोचना
इससे पहले TMC प्रमुख ममता बनर्जी ने मंगलवार को सीट बंटवारे पर चर्चा में देरी के लिए कांग्रेस की आलोचना की थी। उन्होंने 10 से 12 लोकसभा सीटों की कांग्रेस की मांग को अनुचित बताया था। बता दें कि ममता बनर्जी की पार्टी ने राज्य में कांग्रेस को केवल दो सीट देने की पेशकश की थी।