नई दिल्ली। 2024 के लोकसभा चुनाव के मद्देनजर सभी राजनीतिक पार्टियां अपनी तैयारियों में जोर-शोर से जुटी हैं। सत्तारूढ़ भाजपानीत NDA के खिलाफ जहां 15 विपक्षी दल एकजुट हुए हैं वहीं, भाजपा ने भी 18 जुलाई को नई दिल्ली में NDA की बैठक बुलाई है। इस बैठक को लेकर भाजपा ने दूसरे पार्टियों को पत्र लिखकर आमंत्रित करना शुरू कर दिया है।
चिराग पासवान को लिखी चिट्ठी
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान को पत्र लिखकर 18 जुलाई को दिल्ली में होने वाली NDA की बैठक में आमंत्रित किया है। भाजपा की ओर से भेजे गए इस पत्र में कहा गया है कि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) बीजेपी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।
लोक जनशक्ति पार्टी रही NDA की अहम साथी
पत्र में लिखा है कि आपकी पार्टी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास पासवान) राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की अहम साथी है। एनडीए के महत्वपूर्ण साथी दल के रूप में आप आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में NDA सरकार द्वारा देश के विकास को गति देने वाली सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण की यात्रा के प्रमुख सहयोगी भी हैं।
साथ ही लिखा है, ‘आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में एनडीए सरकार ने पिछले 9 वर्षों में देश के बहुआयामी विकास को नई ऊंचाई प्रदान की है। NDA सरकार में गरीब कल्याण, सांस्कृतिक गौरव की पुनर्स्थापना, आर्थिक प्रगति, देश की रक्षा सुरक्षा, विदेश में भारत की मजबूत साख सहित अनेक क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं।
एनडीए सरकार ने पिछले 9 वर्षों में सेवा और सुशासन की वास्तविक परिकल्पना को साकार किया है। इसका परिणाम है कि माननीय प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में अमृत काल का भारत विजन-2047 के नए सपनों को लेकर देश के विकास की यात्रा को जनभागीदारी व जनविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है।’
दिल्ली में होगी बैठक
पत्र में बैठक की जगह, तिथि और समय के बारे में भी बताया गया है। इसमें बताया गया, ‘आगामी 18 जुलाई 2023, मंगलवार को सायं 5 बजे नई दिल्ली स्थित होटल अशोक में माननीय प्रधानमंत्री जी की उपस्थिति में एनडीए की बैठक होनी तय हुई है। इस बैठक में आप सादर आमंत्रित हैं।
NDA के महत्वपूर्ण साथी दल के रूप में आपकी भूमिका और आपका सहयोग गठबंधन को न सिर्फ मजबूत बनाता है बल्कि देश की विकास यात्रा को भी सुदृढ़ता प्रदान करता है। एनडीए के साथी दलों की बैठक में आपकी उपस्थिति प्रार्थनीय है।’