राज्यसभा में बुधवार को रिटायर हो रहे सदस्यों की विदाई के मौके पर गंभीर माहौल के बीच हल्के-फुल्के पल भी देखने को मिले। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि राजनीति और सार्वजनिक जीवन में लोग कभी थकते नहीं और वास्तव में रिटायर भी नहीं होते, क्योंकि राष्ट्र सेवा की भावना उन्हें लगातार सक्रिय बनाए रखती है।
उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा के साथ अपनी 54 साल पुरानी दोस्ती का जिक्र करते हुए कहा कि दोनों ने लंबे समय तक साथ काम किया है। इसी दौरान उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा, “बाद में पता नहीं क्या हो गया, वो मोहब्बत हमारे साथ किए, शादी मोदी साहब के साथ,” जिस पर सदन में ठहाके गूंज उठे।
यह बात उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में कही, जिससे माहौल और भी हल्का हो गया। इससे पहले पीएम मोदी ने रिटायर हो रहे सांसदों के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें धन्यवाद दिया। अप्रैल से जुलाई के बीच सेवानिवृत्त हो रहे 59 सांसदों को विदाई देते हुए पीएम मोदी ने संसद को “ओपन यूनिवर्सिटी” बताया। उन्होंने कहा, “राजनीति में फुल स्टॉप जैसी कोई चीज नहीं होती। भविष्य आपका इंतजार कर रहा है और आपका अनुभव देश के लिए हमेशा उपयोगी रहेगा।”
पीएम मोदी ने नए सांसदों से अपील की कि वे मल्लिकार्जुन खरगे, एचडी देवेगौड़ा और शरद पवार जैसे वरिष्ठ नेताओं से सीखें, जिन्होंने दशकों तक संसदीय सेवा दी है। अपने संबोधन में उन्होंने केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले का जिक्र करते हुए हल्के अंदाज में कहा, “हमारे अठावले जी सदाबहार हैं। वे जा रहे हैं, फिर भी कोई खालीपन महसूस नहीं होगा, क्योंकि वे लगातार सक्रिय रहेंगे।” प्रधानमंत्री ने यह भी बताया कि सेवानिवृत्त हो रहे कुछ सदस्यों ने पुराने और नए दोनों संसद भवनों में सेवा दी है, जो अपने आप में एक महत्वपूर्ण अनुभव है।