नई दिल्ली। पीएम नरेंद्र मोदी ने राज्यसभा में सेवानिवृत्त हो रहे सांसदों के विदाई सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि राजनीति में कभी “पूर्ण विराम” नहीं होता। उन्होंने निवर्तमान सदस्यों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि संसद की बहसों और राष्ट्र-निर्माण में उनकी भूमिका हमेशा महत्वपूर्ण रहेगी।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि सदन में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा के दौरान सभी सदस्यों का योगदान अहम होता है। कई बार मतभेद और खट्टे-मीठे अनुभव भी सामने आते हैं, लेकिन विदाई के ऐसे अवसरों पर सभी दलगत सीमाओं से ऊपर उठकर एक समान भाव से अपने साथियों को सम्मान देते हैं।
उन्होंने कहा कि जो सांसद आज विदा ले रहे हैं, उनमें से कुछ दोबारा लौटने की तैयारी के साथ जा रहे हैं, जबकि कुछ अपने अनुभवों के साथ सार्वजनिक जीवन में नई भूमिका निभाने के लिए आगे बढ़ेंगे।
पीएम मोदी ने यह भी कहा कि जो सदस्य अब वापस नहीं आएंगे, उनके लिए भी राजनीति के दरवाजे बंद नहीं होते। उनका अनुभव और योगदान भविष्य में भी देश के काम आएगा। उन्होंने कहा कि “राजनीति में कोई फुल स्टॉप नहीं होता, भविष्य आप सभी का इंतजार कर रहा है।”