मुंबई। महाराष्ट्र के अहिल्यानगर जिले से एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। संगमनेर तहसील के वडगांव पान इलाके में मंगलवार को छठी कक्षा में पढ़ने वाली एक छात्रा पर अज्ञात हमलावर ने एसिड से हमला कर दिया। यह वारदात उस समय हुई जब बच्ची स्कूल से घर लौट रही थी। अचानक रास्ते में आए युवक ने उस पर तेजाब फेंका और मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद बच्ची की चीख सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी भाग चुका था। इस खौफनाक हमले ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है और कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
अस्पताल में भर्ती, हालत पर नजर
घायल छात्रा को तुरंत स्थानीय लोगों की मदद से प्रवरानगर के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उसका इलाज कर रही है। पीड़िता बेहद गरीब परिवार से है| पिता के निधन के बाद मां मजदूरी कर घर चला रही है। इस घटना से पूरा परिवार गहरे सदमे में है।
पुलिस जांच में जुटी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू कर दी है। एसडीपीओ डॉ. कुणाल सोनवणे और पुलिस निरीक्षक प्रवीण सालुंखे मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। आरोपी की तलाश के लिए कई टीमें बनाई गई हैं, जो इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही हैं और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही हैं।
फिलहाल हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है, लेकिन पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना के बाद इलाके में गुस्से का माहौल है और लोग पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं।