हैदराबाद। तेलंगाना के जगित्त्याल जिले में एक दर्दनाक घटना ने इलाके को हिला दिया है। कोरुटला के अय्यप्पा गुट्टा इलाके के रहने वाले हरिबाबू ने अपने ही घर में अपनी चार महीने की गर्भवती पत्नी वैष्णवी की निर्मम हत्या कर दी। जानकारी के अनुसार, वैष्णवी और हरिबाबू की शादी लगभग एक साल पहले हुई थी। दोनों सोशल मीडिया पर अपनी जिंदगी साझा करते थे और उन्होंने सात महीने पहले ‘Vaishu Amma’ नाम से यूट्यूब चैनल भी शुरू किया था।
इस चैनल के वीडियो जिनमें वैष्णवी की प्रेग्नेंसी और होम टूर जैसे कंटेंट शामिल थे, को लाखों व्यूज मिल चुके थे और 48 हजार से ज्यादा लोग सब्सक्राइब कर चुके थे। शनिवार रात को दोनों के बीच झगड़ा हुआ। इस दौरान गुस्से में हरिबाबू ने चाकू उठा लिया और वैष्णवी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में वैष्णवी की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद हरिबाबू फरार हो गया।
रविवार सुबह (15 मार्च, 2026) जब वैष्णवी कमरे से बाहर नहीं आई, तो परिजन ने अंदर जाकर देखा तो उनका शव पड़ा था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस जांच में सामने आया क्या?
जांच में पता चला है कि हरिबाबू वैष्णवी को गर्भपात कराने के लिए दबाव बना रहा था और इस मामले पर पहले भी पंचायत हो चुकी थी। अब सोशल मीडिया पर उनके पुराने वीडियो भी वायरल हो रहे हैं, जिनमें ‘प्रैंक’ के नाम पर झगड़े दिखाए गए थे, लेकिन अब वो असली घटनाओं की तरह लग रहे हैं। इस घटना ने न केवल वैष्णवी की जान ली, बल्कि उसके पेट में पल रहे बच्चे की भी हत्या कर दी। सोशल मीडिया और इलाके में लोग इस बर्बर कृत्य को लेकर गुस्से में हैं।