राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया गया। केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय ने वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अनुराग कुमार को दिल्ली का नया पुलिस आयुक्त (कमिश्नर ऑफ पुलिस) नियुक्त किया है। इस संबंध में गृह मंत्रालय ने आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है।
अनुराग कुमार को मिली नई जिम्मेदारी
आदेश के अनुसार, एजीएमयूटी कैडर के 1994 बैच के आईपीएस अधिकारी अनुराग कुमार को सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी के बाद दिल्ली पुलिस का नया कमिश्नर नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति कार्यभार संभालने की तिथि से प्रभावी होगी और अगले आदेश तक वे इस पद पर बने रहेंगे। अनुराग कुमार इससे पहले इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) में स्पेशल डायरेक्टर के पद पर कार्यरत थे।
सतीश गोलचा को पद से हटाया गया
वर्तमान पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा को उनके कार्यकाल के दौरान ही पद से हटा दिया गया है। गृह मंत्रालय के आदेश के मुताबिक, नए पुलिस आयुक्त के कार्यभार संभालने के बाद गोलचा आगे की नियुक्ति के लिए दिल्ली के उपराज्यपाल (LG) को रिपोर्ट करेंगे। सतीश गोलचा 1992 बैच के एजीएमयूटी कैडर के आईपीएस अधिकारी हैं। उन्हें अगस्त 2025 में दिल्ली पुलिस का कमिश्नर नियुक्त किया गया था। इससे पहले वे तिहाड़ जेल के महानिदेशक (DG) और अरुणाचल प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (DGP) जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। यह नियुक्ति दिल्ली पुलिस के शीर्ष नेतृत्व में एक महत्वपूर्ण बदलाव मानी जा रही है।