नई दिल्ली। संसद के मानसून सत्र का आज आठवां दिन है। मणिपुर वायरल वीडियो को लेकर आज एक बार फिर लोकसभा और राज्यसभा में जमकर हंगामा हुआ, जिसके बाद राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक और लोकसभा की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
विपक्ष मणिपुर हिंसा पर लगातार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से संसद में आकर जवाब देने की मांग कर रहा है। अविश्वास प्रस्ताव को भी इसी से जोड़कर देखा जा रहा है।
लोकसभा अध्यक्ष और राज्यसभा सभापति से मिलेंगे ‘इंडिया’ गठबंधन के नेता
इंडिया गठबंधन के नेता राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मिलेंगे और मांग करेंगे कि मणिपुर का दौरा करने वाले सांसदों के प्रतिनिधिमंडल को मणिपुर की जमीनी हकीकत बताने के लिए अपने संबंधित सदन में बोलने की अनुमति दी जानी चाहिए।
मणिपुर पर चर्चा के लिए तैयार है सरकार
राज्यसभा में सदन के नेता पीयूष गोयल ने कहा कि हम चाहते हैं कि मणिपुर पर चर्चा आज दोपहर दो बजे संसद में हो। वे (विपक्ष) सदस्यों को दी गई स्वतंत्रता का दुरुपयोग करने की कोशिश कर रहे हैं।सरकार मणिपुर पर चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन वे (विपक्ष) पहले ही सदन के नौ महत्वपूर्ण दिन खराब कर चुके हैं।
कई सांसदों ने दिया कार्य निलंबन नोटिस
राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा, मनोज झा, अमरेंद्र धारी सिंह, प्रमोद तिवारी, इमरान प्रतापगढ़ी, संदीप पाठक, राजीव शुक्ला, के केशव राव, वद्दीराजू रवि चंद्रा, जोगिनापल्ली संतोष कुमार, रंजीत कुमार ने मणिपुर की स्थिति पर चर्चा के लिए राज्यसभा में कार्य निलंबन नोटिस दिया।
मनोष तिवारी ने लोकसभा में दिया नोटिस
कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव नोटिस दिया। उन्होंने इस नोटिस के जरिए चीन के साथ सीमा स्थिति पर चर्चा की मांग की।