महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के मुलुंड इलाके में शनिवार को निर्माणाधीन मेट्रो रेल लाइन-4 के गर्डर पुल का एक स्लैब गिरने से बड़ा हादसा हो गया। यह दुर्घटना एलबीएस रोड पर जॉनसन एंड जॉनसन फैक्टरी के पास हुई, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। मामले में पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। मुलुंड पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105, 110, 324(5) और 3(5) के तहत केस दर्ज किया है। इस प्रकरण में कंपनी के प्रोजेक्ट डायरेक्टर, मैनेजर, इंजीनियर और सुपरवाइजर सहित अन्य जिम्मेदार अधिकारियों को आरोपी बनाया गया है।
गिरफ्तार किए गए आरोपी
हादसे के सिलसिले में जिन पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, उनके नाम इस प्रकार हैं:
हरीश चौहान – प्रोजेक्ट डायरेक्टर
कुलदीप सपकल – प्रोजेक्ट मैनेजर
सौरभ सिंह – डिप्टी मैनेजर
प्रशांत भोईर – सुपरवाइजर (ये चारों मिलन रोड बिल्टेक कंपनी से जुड़े हैं, जो रिलायंस अस्ताल्दी ज्वाइंट वेंचर की सबकॉन्ट्रैक्टर है)
अवधूत इनामदार – प्रोजेक्ट मैनेजर (डीबी हिल एलबीजी सुपरवाइजरी कंपनी से)
ऑटो रिक्शा और कार पर गिरा स्लैब
पुलिस और नगर निकाय अधिकारियों के अनुसार, दोपहर के समय निर्माणाधीन गर्डर पुल की पैरापेट दीवार का एक स्लैब नीचे गुजर रहे एक ऑटो रिक्शा और एक कार पर गिर गया। हादसे में दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है लाइन-4 परियोजना दक्षिण-मध्य मुंबई के वडाला से ठाणे तक बनाई जा रही है। इसका बड़ा हिस्सा विक्रोली, भांडुप और मुलुंड को जोड़ने वाले एलबीएस मार्ग के ऊपर से गुजरता है।
मुख्यमंत्री ने दिए जांच के आदेश
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए गहन जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सभी निर्माण स्थलों का तत्काल सुरक्षा ऑडिट कराया जाएगा। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि घायलों के इलाज का खर्च एमएमआरडीए और राज्य सरकार वहन करेगी। साथ ही, सुरक्षा मानकों में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।