प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने नोएडा और ग्रेटर नोएडा के लिए बड़ी सौगात दी है। कैबिनेट ने नोएडा मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन की एक्वा लाइन को सेक्टर-142 से बॉटनिकल गार्डन तक 11.56 किलोमीटर बढ़ाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इस एक्सटेंशन कॉरिडोर में कुल 8 एलिवेटेड स्टेशन बनाए जाएंगे। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट में जानकारी देते हुए बताया कि सेक्टर-142 से बॉटनिकल गार्डन (नोएडा) तक 11.56 किमी लंबे कॉरिडोर को स्वीकृति मिल गई है। इस परियोजना की अनुमानित लागत 2,254 करोड़ रुपये है। इससे नोएडा के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी और दिल्ली व ग्रेटर नोएडा के बीच यात्रा अधिक सुगम होगी।
दिल्ली से कनेक्टिविटी होगी आसान
यह विस्तार नोएडा के एक्सप्रेसवे किनारे बसे सेक्टरों के लिए विशेष रूप से लाभकारी होगा। आईटी हब और व्यावसायिक क्षेत्रों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी, जिससे लाखों दैनिक यात्रियों का समय बचेगा। निजी वाहनों पर निर्भरता कम होने से ट्रैफिक जाम में कमी आएगी और सड़क सुरक्षा बेहतर होगी।
बॉटनिकल गार्डन बनेगा बड़ा इंटरचेंज
यह कॉरिडोर बॉटनिकल गार्डन मेट्रो स्टेशन पर समाप्त होगा, जो पहले से ही दिल्ली मेट्रो की ब्लू लाइन और मैजेंटा लाइन का प्रमुख इंटरचेंज है। एक्सटेंशन के बाद एक्वा लाइन सीधे इन दोनों लाइनों से जुड़ जाएगी। इससे साउथ दिल्ली, वेस्ट दिल्ली और ग्रेटर नोएडा के बीच बिना लाइन बदले सफर संभव हो सकेगा।
पर्यावरण और रोजगार को बढ़ावा
परियोजना से कार्बन उत्सर्जन में कमी आएगी और पर्यावरण संरक्षण को बल मिलेगा। नए स्टेशनों के आसपास रियल एस्टेट और स्थानीय कारोबार को गति मिलेगी। आईटी कंपनियों, कॉलेजों और अस्पतालों तक पहुंच आसान होगी। रोजगार की तलाश में निकलने वाले युवाओं और रोजाना यात्रा करने वाले लोगों के लिए यह कॉरिडोर बड़ी राहत साबित होगा।इस विस्तार के पूरा होने के बाद नोएडा और ग्रेटर नोएडा का सक्रिय मेट्रो नेटवर्क 61.62 किलोमीटर तक पहुंच जाएगा। यह परियोजना क्षेत्र की शहरी गतिशीलता और टिकाऊ विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।