इस्लामाबाद। इस्लामाबाद से बड़ी खबर सामने आई है, जहां पाकिस्तान ने भारतीय विमानों के लिए अपने हवाई क्षेत्र पर लगे प्रतिबंध को एक बार फिर आगे बढ़ा दिया है। नई समयसीमा के अनुसार अब भारतीय रजिस्टर्ड, किराए पर लिए गए, वाणिज्यिक और सैन्य विमान 24 मई 2026 सुबह तक पाकिस्तानी एयरस्पेस का उपयोग नहीं कर सकेंगे।
पाकिस्तान एयरपोर्ट अथॉरिटी की ओर से जारी ‘नोटिस टू एयरमेन’ (NOTAM) में साफ किया गया है कि यह पाबंदी सभी तरह के भारतीय विमानों पर लागू रहेगी। यह फैसला पिछली समयसीमा खत्म होने से पहले ही ले लिया गया, जिससे यह संकेत मिलता है कि दोनों देशों के बीच तनाव अभी कम नहीं हुआ है।
दरअसल, यह विवाद पिछले साल पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद शुरू हुआ था, जिसमें 26 लोगों की जान गई थी। इसके बाद भारत और पाकिस्तान दोनों ने एक-दूसरे के विमानों के लिए अपना-अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया था। पाकिस्तान ने अप्रैल 2025 से भारतीय विमानों पर रोक लगाई थी, जिसके जवाब में भारत ने भी पाकिस्तानी विमानों के प्रवेश पर प्रतिबंध लागू कर दिया।
इस प्रतिबंध का असर भारतीय एविएशन सेक्टर पर साफ तौर पर दिख रहा है। लंबा रूट अपनाने की मजबूरी के चलते एयरलाइंस को अतिरिक्त ईंधन खर्च और समय का नुकसान उठाना पड़ रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि यह स्थिति लंबे समय तक जारी रहती है, तो इसका आर्थिक असर और बढ़ सकता है। गौरतलब है कि इससे पहले भी 1999 के करगिल संघर्ष और 2019 के पुलवामा हमले के बाद ऐसे कदम उठाए जा चुके हैं। फिलहाल, दोनों देशों के बीच संबंधों में सुधार के कोई संकेत नहीं दिख रहे हैं, जिससे यह पाबंदी आगे भी जारी रह सकती है।