नई दिल्ली। दिल्ली के भलस्वा डेयरी थाना इलाके में पुलिसकर्मियों पर हमले का मामला सामने आया है। मुकुंदपुर के जनता विहार इलाके में शनिवार दोपहर बाइक जब्त करने को लेकर हुए विवाद के दौरान कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों की आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया और उनके साथ मारपीट की। घटना में कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। पुलिस ने मौके से 17 साल के एक नाबालिग को पकड़ा है, जबकि अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
बिना दस्तावेज की बाइक जब्त करने पर शुरू हुआ विवाद
पुलिस के मुताबिक, 22 अगस्त को बीट स्टाफ में तैनात हेड कॉन्स्टेबल दिनेश और हेड कॉन्स्टेबल राजेश इलाके में पेट्रोलिंग और चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने कथित तौर पर बिना वैध दस्तावेज वाली एक मोटरसाइकिल को जब्त कर थाने में जमा करा दिया। कुछ देर बाद बाइक मालिक और उसके परिवार के लोग पुलिस की कार्रवाई का विरोध करने के लिए मौके पर पहुंचे। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और पुलिसकर्मियों के साथ कथित तौर पर मारपीट शुरू हो गई।
मिर्च पाउडर डालकर किया हमला
आरोप है कि हमलावरों ने पुलिसकर्मियों की आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया। इसके बाद ईंट और डंडों से हमला किया गया। पुलिसकर्मियों की मदद के लिए पहुंचे हेड कॉन्स्टेबल टीनू पर भी कथित तौर पर हमला किया गया। घटना के बाद घायल पुलिसकर्मियों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। मौके पर मौजूद लोगों और पुलिस की मदद से एक 17 वर्षीय नाबालिग को पकड़ लिया गया, जबकि बाकी आरोपी वहां से फरार हो गए।
मुख्य आरोपी पर पहले से दर्ज हैं केस
पुलिस के मुताबिक, मामले में फरार चल रहा मुख्य आरोपी सुनील उर्फ पंकज इलाके का BC यानी Bad Character बताया जा रहा है। उसके खिलाफ पहले से पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें NDPS एक्ट से जुड़े दो मामले भी शामिल बताए गए हैं। फिलहाल पुलिस उसकी और दूसरे आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने मामले की जांच के लिए अलग-अलग टीमें बनाई हैं। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हमले में शामिल सभी लोगों की पहचान की जा सके। पकड़े गए नाबालिग से भी पूछताछ की जा रही है। जांच में यह भी पता लगाने की कोशिश हो रही है कि जब्त की गई मोटरसाइकिल किसके नाम पर है और उसे लेकर विवाद इतना बढ़ने की वजह क्या थी।