नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 16वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेने के मंगलवार (22 अक्टूबर 2024) को रूस के कजान के लिए भारत से रवाना हो गए. वह सुबह करीब 7:40 बजे भारत से निकले हैं और दोपहर 1 बजे तक रूस पहुंच जाएंगे.
रूस के लिए रवाना होने से पहले पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी सूचना दी. उन्होंने लिखा, “ब्रिक्स सम्मेलन में शामिल होने के लिए रूस के कजान जा रहा हूं. भारत ब्रिक्स के लिए बहुत महत्व देता है और मैं वहां विषयों की एक विस्तृत श्रृंखला पर व्यापक चर्चा के लिए उत्साहित हूं. मैं वहां विभिन्न नेताओं से मिलने के लिए भी उत्सुक हूं.
पीएम मोदी 22-23 अक्टूबर को रूस में रहेंगे। विदेश मंत्रालय पीएम मोदी और चीन के राष्ट्रपति जिनपिंग के बीच द्विपक्षीय बैठक पर काम कर रहा है। ब्रिक्स शिखर सम्मेलन का विवरण साझा करते हुए विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने कहा कि इस कार्यक्रम में संस्थापक सदस्यों के साथ-साथ नए सदस्य भी भाग लेंगे। शिखर सम्मेलन 22 अक्टूबर को शुरू होगा और पहले दिन शाम को नेताओं के लिए रात्रिभोज होगा।