नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (AAP) में अंदरूनी विवाद अब खुलकर सामने आने लगा है। पार्टी के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने एक बार फिर आक्रामक रुख अपनाते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर वीडियो जारी कर अपनी ही पार्टी के नेताओं को जवाब दिया है।
वीडियो के साथ राघव चड्ढा ने लिखा कि यह संदेश उन साथियों के लिए है, जिन्होंने उन पर संसद में पंजाब के मुद्दे न उठाने के आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा, “यह सिर्फ एक छोटा-सा ट्रेलर है, तस्वीर अभी बाकी है। पंजाब मेरे लिए सिर्फ एक मुद्दा नहीं, बल्कि मेरा घर, मेरा कर्तव्य और मेरी आत्मा है।”
दरअसल, AAP के पंजाब नेताओं ने हाल ही में राघव चड्ढा की कार्यशैली पर सवाल उठाए थे। इनमें पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा , प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा और पार्टी प्रवक्ता कुलदीप सिंह धालीवाल शामिल हैं। इन नेताओं का आरोप है कि राघव, राज्यसभा सांसद होने के बावजूद संसद में पंजाब के अहम मुद्दों को प्रभावी तरीके से नहीं उठा पाए।
पार्टी नेताओं का कहना है कि राघव चड्ढा को राष्ट्रीय स्तर पर पंजाब की आवाज उठाने की जिम्मेदारी दी गई थी, लेकिन उन्होंने संवेदनशील मुद्दों पर अपेक्षित सक्रियता नहीं दिखाई।
वहीं, राघव चड्ढा ने इससे पहले भी एक वीडियो जारी कर अपने तेवर साफ किए थे। उन्होंने कहा था, “मैं घायल हूं, इसलिए घातक हूं। हर झूठ का भंडाफोड़ होगा।” उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनके खिलाफ सुनियोजित अभियान चलाया जा रहा है और अब वह चुप नहीं रहेंगे।
गौरतलब है कि राज्यसभा में डिप्टी लीडर के पद से हटाए जाने के बाद से राघव चड्ढा और पार्टी नेतृत्व के बीच तनाव बढ़ गया है। AAP ने राज्यसभा सचिवालय को पत्र लिखकर उन्हें इस पद से हटाने और उनकी जगह अशोकको उपनेता नियुक्त करने की सिफारिश की थी।