श्रीनगर। कांग्रेस पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुकी है। इसी क्रम में आज रविवार दोपहर को राहुल गांधी ने श्रीनगर के लाल चौक पर तिरंगा फहराया। इस दौरान विजयी विश्व तिरंगा प्यारा से श्रीनगर गूंज उठा। पदयात्रा सुबह पंथा चौक से शुरू हुई जो श्रीनगर शहर के बुलेवार्ड रोड पर नेहरू पार्क के पास समाप्त हुई।
कल तीस जनवरी को एसके स्टेडियम में सार्वजनिक रैली की जाएगी। इसमें 23 विपक्षी राजनीतिक दलों को आमंत्रित किया गया है। इसके बाद यात्रा का समापन होगा। इससे पहले सुरक्षा में चूक के घटनाक्रम के बाद शनिवार को तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था के बीच चुरसू गांव अवंतिपोरा से यात्रा बहाल हुई।
इसके बाद यात्रा बिरला ओपन माइंड्स इंटरनेशनल स्कूल गैलेंडर पांपोर से होते हुए पंथा चौक पर पहुंची। पुलवामा से पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती, उनकी बेटी इल्तिजा मुफ्ती और पार्टी से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता राहुल के साथ यात्रा में शामिल हुए। पुलवामा में ही प्रियंका गांधी भी शामिल हुईं।
भारत जोड़ो यात्रा के लिए पहले से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। सुरक्षा बलों की ओर से यात्रा के शुरुआती बिंदु तक जाने वाली सभी सड़कों को सील कर दिया गया था। केवल अधिकृत वाहनों और पत्रकारों को ही यात्रा स्थल तक जाने की अनुमति दी गई।
राहुल गांधी के चारों ओर तीन स्तरीय सुरक्षा घेरा रहा। दक्षिण कश्मीर के चुरसू इलाके में उत्साही समर्थकों ने यात्रा का स्वागत किया। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक तिरंगे व पार्टी के झंडे लेकर यात्रा में शामिल हुए। राहुल गांधी ने सफेद रंग की टी-शर्ट और स्लीवलेस जैकेट में में पदयात्रा शुरू की।