नई दिल्ली। दिल्ली में शुक्रवार को पैलेट गन मामले को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी जंतर-मंतर प्रदर्शन के दौरान घायल हुए छात्र साहिल लोचव और उनके परिवार के साथ संसद मार्ग थाने पहुंचे। राहुल गांधी ने कथित पैलेट गन फायरिंग के मामले में शिकायत दर्ज करने और FIR की मांग की। राहुल गांधी का आरोप है कि पुलिस ने शिकायत पर FIR दर्ज नहीं की। इसके बाद वह साहिल और उनके परिजनों के साथ थाने के बाहर धरने पर बैठ गए। कुछ ही देर में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता भी मौके पर पहुंच गए।
DCP से करीब 45 मिनट हुई राहुल की बातचीत
थाने पहुंचने के बाद राहुल गांधी ने दिल्ली पुलिस के DCP से मुलाकात की। दोनों के बीच करीब 40-45 मिनट तक बातचीत हुई। इस दौरान साहिल ने पुलिस को प्रदर्शन के दौरान अपने घायल होने से जुड़ी जानकारी दी। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि साहिल की ओर से पहले भी शिकायत देने की कोशिश की गई थी, लेकिन उन्हें शिकायत की प्राप्ति या संबंधित अधिकारी का नंबर नहीं दिया गया। पार्टी का आरोप है कि इसके बावजूद FIR दर्ज नहीं की गई।
FIR की मांग को लेकर थाने के बाहर बैठे राहुल
राहुल गांधी ने कहा कि अगर शिकायत में संज्ञेय अपराध की बात सामने आती है तो कानून के मुताबिक कार्रवाई होनी चाहिए। कांग्रेस नेताओं के मुताबिक, इसी मांग को लेकर राहुल गांधी थाने के बाहर धरने पर बैठे। राहुल के धरने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता संसद मार्ग थाने के बाहर पहुंचने लगे। पुलिस ने भी मौके पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी।
प्रियंका गांधी भी धरने में हुईं शामिल
कुछ देर बाद कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी संसद मार्ग थाने पहुंचीं। वह राहुल गांधी के साथ धरने में शामिल हो गईं। इसके बाद मौके पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की संख्या बढ़ती गई।
दिल्ली पुलिस ने क्या कहा?
दिल्ली पुलिस सूत्रों के मुताबिक, नई दिल्ली के DCP सचिन शर्मा राहुल गांधी के संपर्क में हैं। पुलिस का कहना है कि शिकायतकर्ता की शिकायत ली गई है और 20 जुलाई को दर्ज मामलों की जांच पहले से ही दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, साहिल की शिकायत को भी क्राइम ब्रांच को भेजा जाएगा। वहीं कांग्रेस FIR दर्ज किए जाने की मांग पर अड़ी हुई है।
क्या है पैलेट गन का मामला?
दरअसल, 20 जुलाई को दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई को लेकर विवाद हुआ था। कांग्रेस का आरोप है कि इस दौरान पैलेट गन के इस्तेमाल से साहिल लोचव घायल हुए। राहुल गांधी पहले भी साहिल से मुलाकात कर इस मामले में पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठा चुके हैं।