जयपुर। राजस्थान के डीजीपी रहे और पूर्ववर्ती गहलोत सरकार के समय सूचना आयुक्त बने एमएल लाठर अब प्रदेश के मुख्य सूचना आयुक्त होंगे। राजभवन द्वारा जारी आदेश के अनुसार सुरेश चंद्र गुप्ता, महेंद्र कुमार पारख और टीकाराम शर्मा को सूचना आयुक्त बनाया है।
राज्यपाल सचिवालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, राज्यपाल कलराज मिश्र ने राज्य के मुख्य सूचना आयुक्त के रूप में मोहन लाल लाठर को नियुक्ति प्रदान की है। राज्यपाल ने इसके साथ ही सुरेश चंद गुप्ता, महेंद्र कुमार पारख और टीकाराम शर्मा को सूचना आयुक्त के रूप में नियुक्ति प्रदान करने के आदेश जारी किए हैं। राज्यपाल मिश्र ने राज्य के मुख्य सूचना आयुक्त और आयुक्त पदों के अंतर्गत इनकी नियुक्ति पदभार ग्रहण करने से 3 वर्ष की अवधि या 65 वर्ष की आयु, जो भी पहले हो के लिए की है।
लाठर जाट समाज से हैं और राजस्थान जाट महासभा के अध्यक्ष राजाराम मील के रिश्तेदार हैं। साल 2022 में रिटायर लाठर को पुलिस पदक, राष्ट्रपति पुलिस पदक, बार टू पुलिस मैडल फॉर स्पेशल ड्यूटी, ऑपरेशन पराक्रम मैडल सहित कुल छह पदक मिले थे। वह दौसा, धौलपुर, कोटा ग्रामीण, सिरोही, उदयपुर के पुलिस एसपी पद पर भी रह चुके हैं। डीआईजी बीएसएफ बाड़मेर और बीकानेर, आरएसी, सीआईडी इंटेलीजेंस और राजस्थान पुलिस अकादमी में काम पोस्टिंग रह चुकी है। पुलिस प्लानिंग एंड वेलफेयर, जयपुर रेंज सेकेंड और आरएसी में आईजी पोस्ट पर भी सर्विस की है।