नई दिल्ली| आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पार्टी छोड़ने वाले नेताओं पर तीखा हमला बोला। उन्होंने राघव चड्ढा समेत अन्य राज्यसभा सांसदों के फैसले पर नाराजगी जताते हुए कहा कि पंजाब की जनता उन्हें कभी माफ नहीं करेगी।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में संजय सिंह ने कहा कि जिन नेताओं को पार्टी ने विधायक और सांसद बनाया, वही आज पार्टी से दगा कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यह पंजाब के लोगों के साथ “गद्दारी” है। उन्होंने कहा कि इस घटनाक्रम से वह बेहद आहत हैं, खासकर तब जब भगवंत मान के नेतृत्व में राज्य में सरकार अच्छा काम कर रही है। संजय सिंह ने केंद्र सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पंजाब सरकार के खिलाफ ईडी और सीबीआई जैसी एजेंसियों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
अशोक मित्तल को लेकर भी उठाए सवाल
प्रेस कॉन्फ्रेंस में संजय सिंह ने अशोक मित्तल का जिक्र करते हुए कहा कि दो दिन पहले ही उनके ठिकानों पर ईडी की छापेमारी हुई थी और अब राजनीतिक घटनाक्रम तेजी से बदला है। उन्होंने कहा कि इन घटनाओं की टाइमिंग पर सवाल उठना लाजिमी है।