नई दिल्ली: दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में 6 सितंबर को हुए इमारत हादसे के बाद फरार चल रहे कथित मालिक हरिराम गुप्ता को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसे राजस्थान के भिवाड़ी से पकड़ा है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को दिल्ली लाया जा रहा है, जहां उससे हादसे को लेकर पूछताछ की जाएगी। इमारत ढहने की घटना के बाद से ही दिल्ली पुलिस हरिराम गुप्ता की तलाश में जुटी थी। पुलिस टीम ने हादसे के तुरंत बाद उसके पालम विहार स्थित आवास पर छापा मारा था, लेकिन वह वहां नहीं मिला। इसके बाद पुलिस को आशंका थी कि गिरफ्तारी से बचने के लिए वह किसी ठिकाने पर छिपा हुआ है।
दिल्ली-NCR से राजस्थान तक पुलिस ने की छापेमारी
हरिराम गुप्ता की तलाश में पुलिस ने उसके करीबियों और सहयोगियों से जुड़े संभावित ठिकानों पर भी दबिश दी। दिल्ली के अलावा हरियाणा, उत्तर प्रदेश और दिल्ली-NCR के अलग-अलग इलाकों में पुलिस टीमों ने लगातार छापेमारी की। जांच के दौरान मिले इनपुट के आधार पर पुलिस ने राजस्थान के भिवाड़ी में उसकी मौजूदगी का पता लगाया। इसके बाद कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उसे वहां से गिरफ्तार कर लिया। अब उससे इमारत की स्थिति, उसमें चल रही गतिविधियों और हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं को लेकर पूछताछ की जाएगी।
हादसे में अब तक 7 लोगों की मौत, कई घायल
बता दें कि 6 सितंबर को सत्य निकेतन इलाके में एक बहुमंजिला पुरानी इमारत अचानक ढह गई थी। बताया जा रहा है कि इमारत में PG संचालित हो रहा था, जहां कई छात्र रह रहे थे। हादसे के बाद बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। अब तक हादसे में सात लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। घटनास्थल पर राहत और बचाव अभियान भी जारी है और मलबे में फंसे लोगों की तलाश की जा रही है।
छह अधिकारियों पर भी गिरी गाज
हादसे के बाद दिल्ली सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर भी कार्रवाई की है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने MCD के साउथ जोन से जुड़े छह अधिकारियों को निलंबित किया है। इनमें डिप्टी कमिश्नर राकेश कुमार, SE रणवीर सिंह, एग्जीक्यूटिव इंजीनियर (बिल्डिंग) ललित कुमार, असिस्टेंट इंजीनियर (बिल्डिंग) सुनील चौहान, जूनियर इंजीनियर (बिल्डिंग) आशीष कुमार समेत संबंधित अधिकारी शामिल हैं।