नई दिल्ली। तमिल सिनेमा के सुपरस्टार थलापति विजय ने आखिरकार राजनीति में भी बड़ा मुकाम हासिल कर लिया है। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 में उनकी पार्टी Tamilaga Vettri Kazhagam ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 107 सीटों पर जीत दर्ज की। इसके बाद कांग्रेस, CPI, CPI(M), VCK और IUML समेत कई दलों के समर्थन से विजय ने बहुमत हासिल कर लिया और अब वह तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री बन गए हैं।
अभिनेता से मुख्यमंत्री तक का सफर
थलापति विजय का राजनीति में प्रवेश अचानक नहीं था। पिछले कुछ वर्षों से वह लगातार सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर अपनी राय रखते रहे थे। साल 2024 में उन्होंने अपनी राजनीतिक पार्टी TVK की शुरुआत की थी। इसी दौरान विजय ने फिल्मों से दूरी बनाने का भी ऐलान किया था। विजय ने तब कहा था कि उन्हें एक अभिनेता के रूप में जनता से जो प्यार मिला है, अब वह उसी का कर्ज जनता की सेवा करके चुकाना चाहते हैं। यही वजह रही कि उन्होंने अपने करियर के सबसे सफल दौर में राजनीति का रास्ता चुना।
पहली बार चुनाव लड़कर किया बड़ा उलटफेर
तमिलनाडु की राजनीति लंबे समय से DMK और AIADMK के इर्द-गिर्द घूमती रही है, लेकिन विजय ने पहली ही चुनावी परीक्षा में सभी को चौंका दिया। TVK ने 100 से ज्यादा सीटें जीतकर राज्य की राजनीति में नई ताकत के रूप में एंट्री की है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि युवाओं और पहली बार वोट डालने वाले मतदाताओं के बीच विजय की लोकप्रियता ने पार्टी को बड़ी बढ़त दिलाई। फिल्मी स्टारडम को उन्होंने सीधे जनसमर्थन में बदल दिया, जिसका असर चुनाव नतीजों में साफ दिखाई दिया।
साउथ के सबसे महंगे एक्टर्स में थे शामिल
राजनीति में आने से पहले विजय साउथ सिनेमा के सबसे ज्यादा फीस लेने वाले अभिनेताओं में गिने जाते थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह एक फिल्म के लिए 200 करोड़ से 275 करोड़ रुपये तक चार्ज करते थे। बताया जाता है कि उनकी फिल्म ‘थलापति 69’ के लिए उन्होंने करीब 275 करोड़ रुपये फीस ली थी। वहीं ‘लियो’ और ‘GOAT’ जैसी फिल्मों के लिए भी उनकी फीस लगभग 200 करोड़ रुपये रही। बॉक्स ऑफिस पर उनकी फिल्मों का जबरदस्त क्रेज देखने को मिला और वह लंबे समय तक तमिल सिनेमा के सबसे बड़े सितारों में शामिल रहे।
अब मुख्यमंत्री के तौर पर कितनी मिलेगी सैलरी?
मुख्यमंत्री बनने के बाद अब लोगों के बीच यह चर्चा भी तेज है कि करोड़ों रुपये फीस लेने वाले विजय को सीएम के रूप में कितनी सैलरी मिलेगी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री को वेतन और भत्तों सहित करीब 2.85 लाख रुपये प्रति माह मिलते हैं। इसमें बेसिक सैलरी के साथ कई सरकारी भत्ते और सुविधाएं शामिल होती हैं। अगर सालाना आय की बात करें तो मुख्यमंत्री के तौर पर विजय की अनुमानित सैलरी करीब 34 लाख रुपये सालाना होगी। हालांकि इस पद के साथ उन्हें सरकारी आवास, सुरक्षा, सरकारी वाहन, स्टाफ और अन्य कई सुविधाएं भी मिलेंगी।