नई दिल्ली। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल ने भारत की सुरक्षा नीति और आतंकवाद के खिलाफ देश के रुख को लेकर स्पष्ट संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि भारत की शांति और संयम की नीति को उसकी कमजोरी समझना बड़ी भूल होगी। देश की संप्रभुता और नागरिकों की सुरक्षा के लिए भारत आवश्यक होने पर कड़े और निर्णायक कदम उठाने में पूरी तरह सक्षम है।
अजीत डोभाल ने ये बातें ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर आधारित एक विशेष डॉक्यूमेंट्री में कही हैं। यह पहला अवसर है जब उन्होंने इस सैन्य अभियान और उससे जुड़े रणनीतिक पहलुओं पर सार्वजनिक रूप से विस्तार से अपनी बात रखी है।
‘आतंकी हमलों का मिलेगा जवाब’
डोभाल ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के तहत सभी लक्ष्य पहले से तय किए गए थे और अभियान का उद्देश्य पहलगाम आतंकी हमले से जुड़े आतंकी ढांचे को निशाना बनाना था। उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई के जरिए भारत ने स्पष्ट संकेत दिया है कि देश पर किसी भी आतंकी हमले का जवाब निर्णायक तरीके से दिया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मामलों में भारत आवश्यक होने पर कठिन निर्णय लेने और बड़े जोखिम उठाने से पीछे नहीं हटेगा।
पहलगाम हमले के बाद शुरू हुआ था अभियान
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने 7 मई को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ शुरू किया था। इस अभियान के तहत सीमा पार स्थित आतंकी ठिकानों पर कार्रवाई की गई। इसके बाद भारत और पाकिस्तान के बीच कई दिनों तक सैन्य तनाव बना रहा। बाद में 10 मई को संघर्ष विराम पर सहमति बनी और हालात सामान्य होने लगे।
डॉक्यूमेंट्री में सामने आएंगे अभियान के अहम पहलू
‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर आधारित यह विशेष डॉक्यूमेंट्री शनिवार रात 9 बजे डिस्कवरी चैनल और डिस्कवरी प्लस पर प्रसारित की जाएगी। कार्यक्रम में अजीत डोभाल के अलावा अभियान से जुड़े अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के अनुभव और ऑपरेशन की रणनीतिक तैयारियों से जुड़े पहलुओं को भी शामिल किया गया है।