छत्रपति संभाजीनगर। महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर जिले में सोलापुर-धुले महामार्ग पर तिसगांव के आगे खवड्या डोंगर इलाके में एक दर्दनाक हादसे में एक युवक और उसके माता-पिता की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
युवक को समझाने की कोशिश कर रहे थे लोग
जानकारी के मुताबिक, एक 18 वर्षीय युवक पहाड़ी के किनारे परेशान हालत में खड़ा था। स्थानीय लोगों और उसके परिजनों ने काफी देर तक उसे समझाने और सुरक्षित स्थान पर लाने की कोशिश की। करीब तीन घंटे तक उसे मनाने का प्रयास चलता रहा। सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया गया। इसी दौरान युवक के माता-पिता भी उसे सुरक्षित बचाने की कोशिश में आगे बढ़े। इस दौरान तीनों हादसे का शिकार हो गए।
घटना में तीन लोगों की मौत
बताया जा रहा है कि युवक को बचाने की कोशिश में उसके पिता भी नीचे गिर गए। इसके बाद उसकी मां भी हादसे की चपेट में आ गईं। इस दर्दनाक घटना में तीनों की मौत हो गई।दमकल विभाग को घटना की सूचना सुबह करीब 11:33 बजे मिली थी। सूचना मिलते ही पदमपुरा अग्निशमन केंद्र की टीम घटनास्थल के लिए रवाना हुई। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसे मौके पर मौजूद लोगों ने रिकॉर्ड किया था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।