गोंदिया: महाराष्ट्र को मध्य प्रदेश से जोड़ने वाले गोंदिया-बालाघाट राज्य महामार्ग पर सोमवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। गोंदिया ग्रामीण थाना क्षेत्र के नागरा गांव के पास तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने सामने से आ रही मजदूरों से भरी बोलेरो को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना में 3 साल के मासूम बच्चे समेत 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 7 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
मजदूरी के लिए हैदराबाद जा रहे थे मजदूर
पुलिस के मुताबिक, मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले की किरनापुर और लांजी तहसील के अलग-अलग गांवों से मजदूर अपने परिवारों के साथ मजदूरी के सिलसिले में बोलेरो (MP-15 T 3495) से तेलंगाना के हैदराबाद जा रहे थे। रात करीब 11:30 बजे गाड़ी गोंदिया शहर से लगभग 5 किलोमीटर दूर नागरा के पास पहुंची। इसी दौरान बालाघाट से गोंदिया की ओर आ रहे तेज रफ्तार ट्रक (MH-35 AJ-2547) ने बोलेरो को सामने से टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण कि मलबे में फंसे लोग
हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे। बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी और कई लोग वाहन के मलबे में फंस गए थे। सूचना मिलते ही गोंदिया ग्रामीण पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव अभियान शुरू किया। घायलों और शवों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। शवों को निकालने के लिए गैस कटर का भी इस्तेमाल किया गया। सभी को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने 6 लोगों को मृत घोषित कर दिया।
ट्रक चालक के खिलाफ FIR दर्ज
हादसे में घायल राजेंद्र शिवचरण पंधारे, निवासी पिपलगांव खुर्द, किरनापुर, जिला बालाघाट के बयान के आधार पर गोंदिया ग्रामीण पुलिस ने ट्रक चालक मोहसिन खान (32) निवासी गोंदिया के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 281, 106(1), 125(a), 125(b) और मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184 के तहत अपराध क्रमांक 527/2026 दर्ज किया है। पुलिस निरीक्षक वैभव पवार के मार्गदर्शन में मामले की आगे की जांच महिला सहायक पुलिस उपनिरीक्षक वर्षा नैताम कर रही हैं।