श्रीनगर। नेशनल कांफ्रेंस के नेता जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री व सांसद डॉ. फारूक अब्दुल्ला ने आज बुधवार को कहा कि अस्थिर पाकिस्तान भारत के लिए काफी खतरनाक है, उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि इमरान खान रिहा होंगे और उन्हें कोई नुकसान नहीं होगा।
इमरान खान की गिरफ्तारी के बाद पाकिस्तान में मौजूदा स्थिति पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि यह लंबे समय से पाकिस्तान के लिए एक त्रासदी रही है, दुर्भाग्य से, आजादी के समय से ही उनका एक उतार-चढ़ाव वाला इतिहास रहा है।
उन्होंने कहा पहले प्रधान मंत्री लियाकत अली खान की भी हत्या कर दी गई थी, हत्याओं का एक निरंतर इतिहास रहा है। प्रधान मंत्री जुल्फकार अली भट्टो को भी फांसी दी गई थी, उनकी बेटी बेनजीर भुट्टो की भी हत्या कर दी गई थी। दुर्भाग्य से अस्थिर पाकिस्तान हमारे लिए खतरनाक है।
पत्रकारों से बात करते हुए फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि “हमें एक स्थिर पाकिस्तान की आवश्यकता है जो उपमहाद्वीप में शांति के लिए आवश्यक है। अब वे वर्तमान में आर्थिक रूप से बहुत ही दयनीय स्थिति में हैं, साथ ही हाल ही में बलूचिस्तान में आई बाढ़ ने उस देश को और दयनीय स्थिति में डाल दिया है। मैं आपको बलूचिस्तान के लोगों की स्थिति के बारे में नहीं बता सकता, हम जो मीडिया से देखते हैं वही बता सकता हूं क्योंकि मैं वहां नहीं हूं।
उन्होंने कहा यह बहुत महत्वपूर्ण है कि देश को खुद को स्थिर करना चाहिए। फारूक अब्दुल्ला ने कहा, ‘आज पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान, जो वहां बहुत लोकप्रिय हैं, को गिरफ्तार कर लिया गया है, इसमें कोई संदेह नहीं है। वह उस देश में चुनाव की मांग कर रहे हैं जो संभवत: 4 महीने के समय में होगा, मुझे उम्मीद है कि ऐसा होगा।
उन्होंने कहा मुझे आशा है कि वह रिहा होंगे और उसे कोई नुकसान नहीं होगा। मुझे उम्मीद है कि उनकी जान बच जाएगी, हम उस देश का भला चाहते हैं। यह हमारा पड़ोसी है और हमें उम्मीद है कि कुछ बेहतर होगा और उस देश के लोगों का शांतिपूर्ण जीवन होगा।