मानसून की सक्रियता के बीच देश के कई हिस्सों में एक बार फिर मौसम का मिजाज बिगड़ने वाला है। मौसम विभाग के मुताबिक, आज यानी 4 सितंबर को उत्तर प्रदेश, दिल्ली, बिहार समेत करीब 20 राज्यों में भारी बारिश, आंधी और गरज-चमक का अलर्ट जारी किया गया है। कई इलाकों में तेज हवाओं की रफ्तार 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश के साथ भूस्खलन का खतरा है, जबकि पूर्वी और पूर्वोत्तर राज्यों में बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।
20 राज्यों में बारिश-आंधी का अलर्ट
मौसम विभाग के अलर्ट वाले राज्यों में उत्तर प्रदेश, दिल्ली, बिहार, राजस्थान, हरियाणा, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, त्रिपुरा, असम, नागालैंड, तेलंगाना, केरल, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, गुजरात, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु शामिल हैं। इन राज्यों के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है। भारी बारिश के चलते निचले इलाकों में जलभराव हो सकता है और कुछ नदियों का जलस्तर बढ़ने की आशंका है।
दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी दिल्ली में आज आसमान में बादल छाए रहने के साथ बारिश और आंधी का असर देखने को मिल सकता है। कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। तेज हवाएं भी चल सकती हैं। दिल्ली में अधिकतम तापमान 30 से 31 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
यूपी के इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में मेरठ, मुजफ्फरनगर, गौतमबुद्ध नगर, आगरा, मथुरा, कानपुर, फतेहपुर, प्रयागराज, मिर्जापुर, वाराणसी, जौनपुर, बांदा, ललितपुर, फिरोजाबाद, आजमगढ़, हमीरपुर और देवरिया में भारी बारिश का अलर्ट है। इन इलाकों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
बिहार में भारी बारिश के साथ आंधी
बिहार के पटना, जहानाबाद, गया, भोजपुर, बक्सर, सिवान, वैशाली, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सहरसा, सुपौल, भागलपुर, पूर्णिया, कटिहार, मुंगेर, खगड़िया और बेगूसराय में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। पटना में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
MP में 4 और 5 सितंबर को भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वोत्तर मध्य प्रदेश और आसपास के क्षेत्र में बने निम्न दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से 4 और 5 सितंबर को मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। गुना, भोपाल, विदिशा, सागर, ग्वालियर, दमोह, रायसेन, मंदसौर, शिवपुरी, नीमच और कटनी में तेज बारिश और आंधी की संभावना जताई गई है।
झारखंड में भी बिगड़ेगा मौसम
झारखंड के रांची, धनबाद, देवघर, बोकारो, जमशेदपुर, सरायकेला, गिरिडीह, दुमका, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, पूर्वी सिंहभूम, पलामू और हजारीबाग में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। रांची में अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
उत्तराखंड में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
उत्तराखंड के बागेश्वर, पौड़ी गढ़वाल, नैनीताल, उत्तरकाशी, हरिद्वार, ऋषिकेश और रुद्रप्रयाग में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। यहां हवाओं की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। देहरादून में अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
हिमाचल में बारिश के साथ भूस्खलन का खतरा
हिमाचल प्रदेश में 4 और 5 सितंबर को शिमला, कुल्लू, कांगड़ा, बिलासपुर, मंडी, सोलन और लाहौल-स्पीति समेत कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना है। कुछ स्थानों पर 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। भारी बारिश के कारण पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और अचानक जलस्तर बढ़ने का खतरा बना हुआ है। मनाली में अधिकतम तापमान करीब 14 डिग्री और न्यूनतम 7 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
J&K में गरज-चमक के साथ बारिश
जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग, कठुआ, पुंछ, जम्मू, बारामूला, उधमपुर, किश्तवाड़, राजौरी, गांदरबल, शोपियां और कुलगाम में बारिश और गरज-चमक की संभावना है। संवेदनशील इलाकों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। श्रीनगर में अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री और न्यूनतम 17 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
पश्चिम बंगाल में भी बारिश और तेज हवाएं
पश्चिम बंगाल के हावड़ा, दार्जिलिंग, अलीपुरद्वार, कूचबिहार, बीरभूम, कोलकाता, कलिम्पोंग और जलपाईगुड़ी में भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। कोलकाता में अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
पंजाब और राजस्थान में भी अलर्ट
पंजाब के जालंधर, पटियाला, संगरूर, पठानकोट, बठिंडा, अमृतसर, लुधियाना और गुरदासपुर में तेज बारिश और आंधी की संभावना है। यहां हवाओं की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। वहीं राजस्थान के श्रीगंगानगर, बीकानेर, जोधपुर, उदयपुर, कोटा, अजमेर, करौली, दौसा, जयपुर, नागौर, पाली, भरतपुर और बांसवाड़ा में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट है। जयपुर में अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
बारिश और आंधी के दौरान बरतें सावधानी
भारी बारिश और आंधी के दौरान लोगों को खुले इलाकों में जाने से बचने की सलाह दी गई है। बिजली चमकने के दौरान पेड़ों के नीचे खड़े न हों और सुरक्षित स्थान पर रहें। मौसम विभाग के ताजा अपडेट पर लगातार नजर बनाए रखें। खासकर पहाड़ी इलाकों में यात्रा करने वाले लोगों को भूस्खलन, जलभराव और अचानक बढ़ते जलस्तर को देखते हुए अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है। मौसम खराब होने की स्थिति में जरूरी न हो तो पहाड़ी क्षेत्रों की यात्रा से बचना बेहतर होगा।