भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से आने वाले दिनों में देश के कई हिस्सों में मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। उत्तर-पश्चिम भारत में इस सप्ताह दो पश्चिमी विक्षोभ एक के बाद एक सक्रिय होंगे, जिनका सबसे ज्यादा असर 7 और 8 अप्रैल को रहने की संभावना है। कश्मीर घाटी में 7 अप्रैल को कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
मध्य, पूर्वी और प्रायद्वीपीय भारत में 9 अप्रैल तक गरज-चमक और बिजली के साथ बारिश के आसार हैं। छत्तीसगढ़ में 6 अप्रैल, पश्चिमी मध्य प्रदेश में 8 अप्रैल, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 7-8 अप्रैल, बिहार में 6 और 8 अप्रैल तथा झारखंड में 6 से 8 अप्रैल के बीच कहीं-कहीं ओलावृष्टि हो सकती है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 8 और 9 अप्रैल को भारी बारिश की भी संभावना जताई गई है।
अगले सात दिनों के दौरान देश के अधिकांश हिस्सों में तापमान सामान्य या सामान्य से कम रहने का अनुमान है। उत्तर-पश्चिम भारत में तापमान पहले 2 से 4 डिग्री तक बढ़ सकता है, लेकिन 7-8 अप्रैल को इसमें गिरावट आएगी। इसके बाद 9 से 11 अप्रैल के बीच तापमान फिर से बढ़ सकता है। मध्य भारत में तापमान में हल्की बढ़ोतरी के बाद 11 अप्रैल तक स्थिर रहने की संभावना है।
पूर्वी भारत में 8 अप्रैल तक तापमान 3 से 5 डिग्री तक कम रह सकता है, जबकि 9 से 11 अप्रैल के बीच इसमें 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। पूर्वोत्तर राज्यों में 7 से 9 अप्रैल के बीच तापमान में गिरावट के बाद 10-11 अप्रैल तक कोई खास बदलाव नहीं होगा। पश्चिम भारत में 8 से 10 अप्रैल के बीच तापमान में हल्की बढ़ोतरी के आसार हैं।
मौसम विभाग ने राजस्थान, बिहार और झारखंड के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जहां तेज हवाओं, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है। वहीं उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, छत्तीसगढ़ और दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में येलो अलर्ट जारी किया गया है, जहां हल्की बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं।
7 अप्रैल को पश्चिमी विक्षोभ का असर सबसे ज्यादा देखने को मिलेगा। इस दिन जम्मू कश्मीर, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान और झारखंड में तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है। देश के अन्य हिस्सों में भी हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने के आसार हैं। 8 अप्रैल को उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की संभावना बनी रहेगी, इसके बाद मौसम साफ होने के संकेत हैं।