बारामती | महाराष्ट्र की राजनीति के लिए बुधवार का दिन एक काले अध्याय के रूप में दर्ज हो गया, जब राज्य के उपमुख्यमंत्री और एनसीपी प्रमुख अजित पवार का चार्टर्ड विमान बारामती हवाई अड्डे के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस भीषण हादसे में अजित पवार समेत विमान में सवार सभी पांच लोगों की मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा सुबह करीब 8:45 से 9:15 बजे के बीच उस समय हुआ, जब मुंबई से बारामती आ रहा विमान लैंडिंग की कोशिश कर रहा था। तकनीकी खराबी के कारण विमान रनवे पर उतरने के बजाय पास के एक खेत में जा गिरा। जमीन से टकराते ही विमान के टुकड़े-टुकड़े हो गए और उसमें भीषण आग लग गई।
दुर्घटनाग्रस्त विमान VSR वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड का लेयरजेट-45 था, जिसका पंजीकरण नंबर VT-SSK बताया जा रहा है। विमान की कमान अनुभवी पायलट कैप्टन सुमित के हाथों में थी, जबकि फर्स्ट ऑफिसर शाम्भवी पाठक थीं। फ्लाइट अटेंडेंट के रूप में पिंकी माली विमान में मौजूद थीं। शाम्भवी साल 2022 से इस कंपनी के साथ जुड़ी थीं. शाम्भवी ने यूनिवर्सिटी ऑफ मुंबई से एविएशन की पढ़ाई की थी. इसके बाद न्यूजीलैंड अंतर्राष्ट्रीय वाणिज्यिक पायलट अकादमी में भी उन्होंने साल 2018 से 2019 तक ट्रेनिंग ली। वहीं कैप्टन सुमित कपूर उड़ान में पायलट-इन-कमांड (पीआईसी) के रूप में तैनात थे। वरिष्ठ पायलट होने के नाते उन्होंने उड़ान दल का नेतृत्व किया और उड़ान के दौरान टेक-ऑफ और लैंडिंग जैसे अहम चरणों के निर्णय लिए। विमानन सूत्रों के अनुसार, कैप्टन कपूर को बिजनेस जेट उड़ाने का व्यापक अनुभव था।
मृतकों में अजित पवार के अलावा उनके निजी सहायक, सुरक्षा गार्ड और दोनों पायलट शामिल हैं। नागरी विमानन महानिदेशालय (DGCA) ने हादसे में सभी यात्रियों की मौत की पुष्टि करते हुए जांच के आदेश दे दिए हैं। बताया जा रहा है कि अजित पवार बारामती में जिला परिषद चुनाव के सिलसिले में चार जनसभाओं को संबोधित करने वाले थे। उनके आगमन से पहले ही समर्थकों की भारी भीड़ कार्यक्रम स्थल पर जमा हो चुकी थी, लेकिन हादसे की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
घटनास्थल पर प्रशासन, दमकल और राहत-बचाव दल की टीमें मौजूद हैं। विमान पूरी तरह जलकर राख हो चुका है, वहीं हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।