मुंबई में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के बीच रविवार को मुलाकात हुई। सह्याद्रि गेस्ट हाउस में दोनों नेताओं के बीच करीब 30 मिनट तक बातचीत हुई। इसके बाद दोनों नेता एक ही कार से एशियाटिक सोसाइटी में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे। इस मुलाकात की तस्वीर भी सामने आई है।
सह्याद्रि गेस्ट हाउस में हुई अहम बैठक
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तीन दिवसीय मुंबई दौरे पर हैं। एशियाटिक सोसाइटी के कार्यक्रम में जाने से पहले उन्होंने सह्याद्रि गेस्ट हाउस में महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच करीब आधे घंटे तक बातचीत हुई। बैठक के बाद अमित शाह और एकनाथ शिंदे एक ही वाहन से एशियाटिक सोसाइटी पहुंचे। वहीं, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस सीधे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे।
एशियाटिक सोसाइटी में भारतीय ज्ञान परंपरा पर बोले शाह
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अमित शाह ने भारतीय ज्ञान परंपरा के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि वह एशियाटिक सोसाइटी में गृह मंत्री के तौर पर नहीं, बल्कि भारतीय ज्ञान परंपरा के हजारों वर्षों से चले आ रहे आंदोलन के प्रति श्रद्धा व्यक्त करने आए हैं। शाह ने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में एशियाटिक सोसाइटी भारतीय ज्ञान परंपरा को देशभर में पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
‘ज्ञान परंपरा की रक्षा करने वाला राष्ट्र कभी गुलाम नहीं बन सकता’
अमित शाह ने कहा कि जो राष्ट्र अपनी ज्ञान परंपरा की रक्षा नहीं कर सकता, वह कितना भी शक्तिशाली क्यों न हो, उसके नष्ट होने में ज्यादा समय नहीं लगता। उन्होंने भारत का उदाहरण देते हुए कहा कि लंबे समय तक गुलामी के बावजूद देश की ज्ञान परंपरा को समाप्त नहीं किया जा सका। उन्होंने नालंदा विश्वविद्यालय का जिक्र करते हुए कहा कि इमारत को जलाया जा सकता है, लेकिन लोगों के मन में बसा ज्ञान समाप्त नहीं किया जा सकता।
मुंबई दौरे में कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे गृह मंत्री
अमित शाह के मुंबई दौरे के दौरान कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। वह एशियाटिक सोसाइटी में ‘श्री गणेश ध्यानारती’ नामक पांडुलिपियों की विशेष प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा वह पुस्तकालय का दौरा करेंगे और पांडुलिपि संरक्षण प्रयोगशाला के कामकाज का निरीक्षण भी करेंगे। गृह मंत्री बांद्रा में रत्न एवं आभूषण निर्यात संवर्धन परिषद के पुरस्कार समारोह में भी शामिल होंगे।
हिंदी राजभाषा सम्मेलन में भी लेंगे हिस्सा
मुंबई दौरे के अगले दिन, सोमवार को अमित शाह नवी मुंबई के वाशी स्थित सिडको प्रदर्शनी केंद्र में आयोजित छठे अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। यह सम्मेलन हिंदी और राजभाषा से जुड़े विषयों पर केंद्रित होगा। इसके अलावा गृह मंत्री मुंबई के प्रसिद्ध लालबागचा राजा के दर्शन के लिए भी जा सकते हैं।