असम में विधानसभा चुनाव की तैयारियां जोर पकड़ रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज गोगामुख और धेमाजी में जनसभाओं को संबोधित करने पहुंचे। उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक में असम में तेज़ी से विकास हुआ है और इस बार भाजपा-एनडीए गठबंधन की हैट्रिक पक्की है। धेमाजी में पीएम मोदी ने कहा, “असम के चुनाव की घोषणा के बाद यह मेरी पहली जनसभा है। युवाओं का उत्साह, बहनों-बेटियों का आशीर्वाद इस बात की खुली घोषणा है कि इस बार हैट्रिक पक्की है। आप सबके आशीर्वाद से असम में सरकार भी हैट्रिक बनाने वाली है।”
पीएम मोदी ने आगे कहा, “सर्वानंद सोनोवाल और हिमंता विश्व शर्मा के नेतृत्व में बीते दस वर्षों में असम ने सेवा और सुशासन का नया दौर देखा। यह चुनाव विकसित असम से विकसित भारत बनाने का चुनाव है। कांग्रेस की पराजय की भी हैट्रिक होगी। उनके स्वघोषित राजकुमार की पराजय की सेंचुरी लगेगी।
प्रधानमंत्री ने असम भाजपा द्वारा जारी संकल्प पत्र का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, “संकल्प पत्र मंगलवार को जारी हुआ और यह असम में मंगल लाने वाला है। बेटियों का मान-सम्मान सुरक्षित रखना, आदिवासी समाज और छठी अनुसूची क्षेत्र की परंपराओं की रक्षा करना इसके बड़े प्रस्ताव हैं। भाजपा जो कहती है, उसे करके दिखाती है।”