पश्चिम बंगाल की राजनीति में हलचल उस वक्त तेज हो गई, जब शनिवार सुबह तृणमूल कांग्रेस नेता अभिषेक बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास पर केंद्रीय बल और कोलकाता पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी पहुंच गए। उस समय पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी घर के अंदर मौजूद थीं।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस और जांच एजेंसियों की टीम किसी मामले में पूछताछ और जांच के सिलसिले में वहां पहुंची थी। हालांकि, आधिकारिक तौर पर अब तक यह साफ नहीं किया गया है कि कार्रवाई किस मामले को लेकर की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, जांच एजेंसियां अभिषेक बनर्जी के एक करीबी सहयोगी की तलाश में उनके आवास पहुंची हैं। पुलिस टीम फिलहाल घर के अंदर मौजूद है और परिसर में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। मौके पर महिला पुलिसकर्मियों समेत बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं।
बताया जा रहा है कि कथित फर्जी हस्ताक्षर मामले में CID पहले से जांच कर रही है। इसी सिलसिले में गुरुवार को अभिषेक बनर्जी से पूछताछ भी की गई थी। इसके अलावा हेट स्पीच मामले में भी उन्हें नोटिस जारी किया गया है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, जांच एजेंसियां इससे पहले भी कालीघाट स्थित आवास और तृणमूल कांग्रेस के कार्यालय पहुंच चुकी हैं। जांच का केंद्र उन आरोपों को माना जा रहा है, जिनमें कुछ विधायकों के हस्ताक्षर फर्जी तरीके से इस्तेमाल किए जाने का दावा किया गया है। फिलहाल पूरे घटनाक्रम को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हैं और सभी की नजरें जांच एजेंसियों की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।