पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में तृणमूल कांग्रेस (TMC) सांसद अभिषेक बनर्जी के आमतला स्थित कार्यालय पर शनिवार को प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई शुरू कर दी। जिला प्रशासन का आरोप है कि यह पांच मंजिला इमारत आवश्यक अनुमति और वैध दस्तावेजों के बिना बनाई गई थी।
प्रशासन के अनुसार, कार्यालय निर्माण से जुड़े दस्तावेजों और स्वीकृतियों को लेकर 30 जून को पहला नोटिस जारी किया गया था। इसके बाद 7 जुलाई को दूसरा नोटिस भेजा गया और 15 जुलाई को संबंधित पक्ष को जिला प्रशासन के समक्ष उपस्थित होकर स्पष्टीकरण देने के लिए कहा गया था। अधिकारियों का दावा है कि नोटिसों का कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला, जिसके बाद ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की गई।
शनिवार दोपहर से ही आमतला स्थित कार्यालय के बाहर पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती कर दी गई थी। इसके बाद तीन बुलडोजरों की मदद से इमारत को गिराने का काम शुरू किया गया। प्रशासन का कहना है कि इमारत के निर्माण से जुड़े वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए।
जानकारी के अनुसार, विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद से यह कार्यालय बंद पड़ा था। फिलहाल प्रशासन की निगरानी में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई जारी है। हालांकि, इस कार्रवाई को लेकर तृणमूल कांग्रेस या सांसद अभिषेक बनर्जी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।