पश्चिम बंगाल में पहले चरण की वोटिंग के दौरान मुर्शिदाबाद जिले में तनाव और हिंसा की घटनाएं सामने आई हैं। एक पोलिंग बूथ पर हुमायूं कबीर के पहुंचते ही टीएमसी कार्यकर्ताओं ने विरोध शुरू कर दिया। इस दौरान नारेबाजी, धक्का-मुक्की और तीखी बहस की स्थिति बन गई।
इसी बीच मुर्शिदाबाद के नौदा इलाके में मतदान के दौरान कथित तौर पर देसी बम फेंके जाने की घटना सामने आई। धमाके के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग घायल हो गए। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, हालांकि उनकी संख्या को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, घटना उस समय हुई जब मतदान केंद्र के आसपास बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। अचानक हुए धमाके से मतदाताओं में दहशत फैल गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा बल मौके पर पहुंचे और इलाके को घेरकर हालात काबू में करने की कोशिश की। अतिरिक्त बल भी तैनात किया गया है और आरोपियों की तलाश में अभियान चलाया जा रहा है।
घटना पर हुमायूं कबीर ने कहा कि उन्होंने अपने समर्थकों से शांति बनाए रखने की अपील की है और वोटिंग शांतिपूर्ण होनी चाहिए। उन्होंने किसी भी तरह की हिंसा से इनकार किया। वहीं, सुबह 7 बजे से शुरू हुए मतदान में शुरुआती घंटों में कुछ जगहों पर ईवीएम में खराबी की शिकायतें आईं, जिन्हें बाद में ठीक कर लिया गया। सुबह 9 बजे तक पश्चिम बंगाल में 18.76% और तमिलनाडु में 17.69% मतदान दर्ज किया गया। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखते हुए मतदान करने की अपील की है।