पश्चिम बंगाल में पहले चरण के तहत 16 जिलों की 152 विधानसभा सीटों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान शुरू हो गया है। सुबह 7 बजे से वोटिंग शुरू होते ही कई पोलिंग बूथों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। लोगों में मतदान को लेकर खासा उत्साह नजर आ रहा है।
निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। कई संवेदनशील बूथों पर केंद्रीय बलों की तैनाती की गई है और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। चुनाव आयोग के अनुसार, इस चरण में कुल 1478 उम्मीदवार मैदान में हैं और करीब 3.60 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकते हैं। इनमें 1.84 करोड़ पुरुष, 1.75 करोड़ महिलाएं और 465 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं।
इस बीच प्रधानमंत्री Narendra Modi ने मतदाताओं से लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है। उन्होंने खासतौर पर युवाओं और महिलाओं से अधिक संख्या में मतदान करने का आग्रह किया। राज्य में मुख्य मुकाबला Bharatiya Janata Party और All India Trinamool Congress के बीच माना जा रहा है। दोनों ही दलों के लिए यह चरण बेहद अहम है। पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा को पहले चरण की 152 सीटों में से 59 पर जीत मिली थी, जबकि दूसरे चरण में उसे सिर्फ 18 सीटें हासिल हुई थीं। ऐसे में इस बार पहले चरण में बेहतर प्रदर्शन पार्टी के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।